
समस्तीपुर। समस्तीपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला उजियारपुर थाना क्षेत्र के बेलारी गांव का है। गुरुवार की दोपहर बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने हाई स्कूल के समीप पैसा कलेक्शन कर लौट रहे शुभलक्ष्मी फाइनांस कर्मी से लूटपाट की घटना को अंजाम देते हुये उसे गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
इधर, गोलियों की आवाज सुनकर जुट रहे लोगों को देख सभी बदमाश भाग निकले। घटना के बाद जुटे स्थानीय लोगों ने युवक को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर ले गये। उसका इलाज जारी है। युवक को गले में गोली लगने की वजह से कुछ भी बोल नहीं पा रहा है। हालांकि, कुछ लोग उसके घर का पता वैशाली बता रहे हैं। फाइनेंस कर्मी से कितने रुपये की लूट हुई है, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद दारोगा अरुण कुमार सदलबल मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गये हैं। वहीं सूचना मिलने के बाद दलसिंहसराय एसडीपीओ दिनेश कुमार पांडेय भी घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन करते हुए घटना की जानकारी प्राप्त की। घटना को लेकर एसडीपीओ का कहना है कि एक व्यक्ति को गोली मारी गई है। वह समूह का पैसा कलेक्शन करने का काम करता था। उसके नाम व पता का सत्यापन कराया जा रहा है।