रांची। सीआईपी के नशामुक्ति मनश्चिकित्सा केंद्र ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सहयोग से 13 अक्टूबर, 2021 को नशामुक्ति विभाग में भर्ती रोगियों के लिए नशा से संबंधित दुरुपयोग पर जागरुकता अभियान आयोजित किया। कार्यक्रम का आयोजन भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष (भारत का अमृत महोत्सव) के उपलक्ष्य में किया गया था। इसका उद्देश्य मादक द्रव्यों की लत और समस्या से जुड़े कानूनी मुद्दों के बारे में तथ्यात्मक जानकारी देना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन सीआईपी के निदेशक डॉ (प्रो) बासुदेव दास ने किया। उन्होंने समस्या की गंभीरता के बारे में जानकारी दी। मादक द्रव्यों के सेवन से संबंधित कानूनी मुद्दों के बारे में बताया। इसके बाद एनसीबी रांची के अधीक्षक आरम अंथ ने एनडीपीएस अधिनियम के बारे में जानकारी दी। एनसीबी के आईओ संजय ओधर ने विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों के बारे में बताया।

कार्यक्रम में मरीजों के साथ संक्षिप्त प्रश्नोत्तर सत्र भी किया गया। एनडीपीएस अधिनियम के तहत विभिन्न अपराधों से संबंधित दंड पर चर्चा हुई। इसका संचालन एनसीबी के आईओ एके प्रसाद ने किया। डॉ संजय कुमार मुंडा ने धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में डॉ अविनाश शर्मा, डॉ नरेंद्र सिंह, गौरव कुमार गिरी, विकास कुमार सहित अन्य संकाय सदस्य भी मौजूद थे। डॉ हरमन सिंह भाटिया ने कार्यक्रम का संचालन किया।


