झारखंड में कोरोना संक्रमितों के मिलने का क्रम जारी, जानें किस जिले से कितने नये मरीज मिले

झारखंड मुख्य समाचार सेहत
Spread the love

रांची। कोरोना की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है। झारखंड में कोरोना संक्रमितों के मिलने का क्रम रविवार को भी जारी रहा। राज्य के तीन जिलों से पांच संक्रमित सामने आये। राजधानी रांची में तीन, जामताड़ा व साहिबगंज से एक-एक संक्रमित मिले हैं।

रविवार को राज्य में 41116 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ। नये मरीज मिलने के साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 348194 हो गई है। इधर, स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। राज्य में अब तक 342981 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। रविवार को राज्य में सात मरीजों ने कोरोना को मात दी है। दूसरी ओर से सोमवार सुबह तक राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 80 हो गई है। इनमें सबसे 46 सक्रिय मरीज रांची और नौ जामताड़ा में हैं।

दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, गढ़वा, कोडरमा, पाकुड़, पलामू, रामगढ़ और सिमडेगा में एक भी सक्रिय मरीज नहीं हैं। राज्य में बाकी जिलों में सक्रिय मरीजों की संख्या पांच से नीचे ही है। इसके साथ ही अच्छी बात यह भी है कि राज्य में कोरोना से होने वाली मौत थम चुकी है। सितंबर माह में राज्य में एक मात्र मौत धनबाद में हुई है। राज्य में कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 5133 है।