
रांची। रांची नगर निगम में थमने का नाम नहीं ले रहा है विवाद। यहां आये दिन हंगामे का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ताजा मामला यह है कि मेयर आशा लकड़ा व निगम अधिकारी के बीच जारी विवाद की वजह से आज आहुत नगर निगम की बैठक नहीं हो सकी।
बैठक शुरू होने से पहले अधिकारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। अधिकारियों का कहना था कि मेयर ने जिस तरह से अधिकारियों के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है, उससे वो आहत हैं। इसलिए जब तक मेयर अपनी बातों को वापस नहीं ले लेती हैं, तबतक बैठक की कार्यवाही नहीं होने दी जाएगी। इसके साथ ही अधिकारियों के पक्ष में कुछ पार्षद भी उतर आये और हंगामा शुरू कर दिया।
इसके बाद अधिकारियों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया और कॉन्फ्रेंस रूम से बाहर निकल गये। इधर मेयर का कहना था कि हो सकता है कि बातचीत के दौरान जुबान फिसल गई होगी इसलिए मैं अपनी बातों को वापस लेती हूं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से बैठक शुरू करने की अपील की, लेकिन अधिकारी नहीं माने। इसके बाद अधिकारियों की मनमानी को लेकर मेयर के साथ अधिकतर पार्षद गेट पर ही धरने पर बैठ गये। मेयर ने कहा कि इस तरह से अधिकारियों को मनमानी करने नहीं दी जाएगी।
वही पार्षदों का कहना था कि अधिकारी हिटलर शाही कर रहे हैं। इसलिए नगर निगम में नगर विकास सचिव और नगर विकास मंत्री को हस्तक्षेप करना होगा।