
पटना। बिहार में अपराध का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। अपराधी घटनाओं को बेखौफ अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला राजधानी पटना का है। पटना के बेउर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिपारा में देर रात घर के पास टहलने निकली गर्भवती को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
तीन युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे बेहोशी की हालत में पटना जंक्शन के पास रेल लाइन पर छोड़कर भागने लगे। इसी बीच महिला को होश आ गया और शोर मचाने पर जीआरपी पहुंच गई। जीआरपी ने दो आरोपितों को दौड़ाकर दबोच लिया। पीड़िता को महिला थाने ले जाया गया। आरोपितों को भी महिला थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
महिला थानाध्यक्ष किशोरी सहचरी ने बताया कि तीन आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी पहचान विशाल और अंकित के रूप में हुई है। दोनों सिपारा के विशुनपुर पकड़ी के रहने वाले हैं। एक अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराने के साथ फर्द बयान दर्ज किया गया है। 24 वर्षीय विवाहिता मूल रूप से लखीसराय की रहने वाली है। एक साल पहले उसकी शादी हुई है। पति पेट्रोलियम कंपनी में काम करता है।