
विवेक चौबे
गढ़वा। रईस कार्डधारी राशन उठाकर साहूकारों को बेच रहे हैं। जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर पंचायत के मंडरा गांव में ऐसा ही एक मामला उजागर हुआ है। यहां मां दुर्गा स्वयं सहायता समूह के तहत चल रहे जन वितरण प्रणाली दुकान के कुछ लाभुकों द्वारा राशन लेकर साहूकार को बेच दिया गया। इसका एक वीडियो भी लीक हुआ है। वीडियो में एक साहूकार टीवीएस लूना पर दो बोरा राशन लादकर ले जाता दिख रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार साहूकार ने सुखाड़ी बैठा से राशन की खरीदारी की है। सुखाड़ी बैठा एक सम्पन्न व्यक्ति हैं। उनके दो पुत्र सिपाही हैं। पूरे परिवार में 16 सदस्य हैं। पक्का आवास है। इसके बावजूद भी राशन का लाभ धड़ल्ले से उठा रहे हैं। उनका राशन कार्ड संख्या- 002006272223 है।
आरती कुमारी की शादी हो गई है। इसके पिता रेलवे से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। पूरे परिवार में 6 सदस्य हैं। इनके पास भी राशन कार्ड संख्या- 2000037890 है। इस संबंध में जन वितरण प्रणाली दुकान की संचालिका सूचित पांडेय ने पूछे जाने पर कहा कि यह बात सच है। कई अयोग्य लाभुक राशन का उठाव कर साहूकारों को बेच दिया करते हैं। उन्होंने बताया कि लाभुक सुखाड़ी बैठा रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर राशन ले गये हैं।