पटना। आरजेडी के कद्दावर नेता रहे और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह पहली बरसी पर याद किये गये।
मौके पर पटना स्थित आरजेडी के प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने रघुवंश बाबू की चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और नम आंखों से उन्हें याद किया। मौके पर आरजेडी के कई सारे नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे और सभी ने नम आंखों से रघुवंश बाबू को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि देने के बाद जगदानंद सिंह ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि जितने भी समाजवादी आंदोलन हुए उसके उपरांत स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के बताया गए रास्ते पर रघुवंश बाबू चलते रहे। कभी भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। वे लोग जो सोचते हैं कि मरने से पहले रघुवंश प्रसाद सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल को छोड़ा था, तो वे भ्रम में ना रहें।
रघुवंश बाबू समाजवादी आंदोलन की लड़ाई लड़ने का काम हमेशा करते रहे। वह व्यक्ति नहीं एक व्यक्तित्व थे और आज राष्ट्रीय जनता दल के संस्थापक को हम लोगों ने उनकी चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की है और उनके बताये के रास्तों पर चलने का प्रण लिया है।