
प्रशांत अंबष्ठ
बोकारो। भारतीय मजदूर संघ के 67वें स्थापना दिवस पर डीवीसी मजदूर संघ कार्यालय में 23 जुलाई को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संघ के पूर्व प्रदेश महामंत्री सह डीवीसी ठेका मजदूर संघ के महामंत्री और वर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष भरत यादव ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ भारत का सबसे बड़ा केंद्रीय श्रमिक संगठन है। इसकी स्थापना भोपाल में महान विचारक स्व. दत्तोपंत ठेंगड़ी ने प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के जन्मदिवस 23 जुलाई 1955 को की थी।
यादव ने कहा कि भारत के अन्य श्रम संगठनों की तरह यह किसी संगठन के विभाजन के कारण नहीं बना वरन राष्ट्रवादी विचारधारा के लोगों द्वारा आजादी के बाद भारत के पुर्ननिर्माण में मजदूरो की भूमिका सुनिश्चित करने के लिए बनाया गया। इसलिए भामसं स्थापना का उद्देश्य के अनुरूप कार्यकर्ता राष्ट्र हित, उद्योग हित और मजदूर हित के लिए काम करते हैं।
यह देश का पहला मजदूर संगठन है, जो किसी राजनैतिक दल की श्रमिक इकाई नहीं, बल्कि मजदूरों का, मजदूरों के लिए, मजदूरों द्वारा संचालित स्वतंत्र मजदूर संगठन है। भामसं स्थापना के बाद अपनी विचारधारा और असंख्य कार्यकर्ता के त्याग, तपस्या और बलिदान के कारण द्रूत गति से उन्नति करते हुए आज यह देश में सर्वाधिक सदस्य संख्या वाला मजदूर संगठन बन गया है।
इस अवसर पर डीवीसी मजदूर संघ के दीनानाथ प्रसाद, अरगा बासु, सुनील कुमार, रंगनाथ गांधी, सत्यजीत सिन्हा, सुनील कर्ण, सुबोध चौधरी, मनोज कुमार गुप्ता, डीवीसी ठेका मजदूर संघ के संजय मिश्रा, अमरजीत सिंह, मिथलेश सिन्हा, संजय गुप्ता, तरूण गुप्ता, किशोर ठक्कर, रमेश ठाकुर, चुन्नी राम आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद भरत यादव एवं भामसं के अन्य पदधारियों ने कार्यालय परिसर में फलदार पौधे लगाये।