क्लाउड किचन शेफर्ड फूड्स जरूरतमंदों को उपलब्‍ध करा रहा मुफ्त भोजन

देश नई दिल्ली सरोकार
Spread the love

नई दिल्ली। देशभर में जारी लॉकडाउन से कई लोगों को दो वक्‍त का भोजन मिलना मुश्किल हो गया है। ऐसे कठिन हालात में क्लाउड किचन शेफर्ड फूड्स उसका सहारा बन रहा है। शेफर्ड फूड्स की ओर से दक्षिण दिल्ली में रहने वाले दिहाड़ी श्रमिक और जरूरतमंदों को मुफ्त भोजन उपलब्‍ध कराया जा रहा है।

शेफर्ड फूड्स एक हफ्ते से ज्यादा समय से एम्स, सफदरजंग अस्पताल और ओखला क्षेत्र के आसपास के बसी झुग्गी बस्तियों में भोजन के पैकेट वितरित कर रहा है। भोजन का वितरण हर दिन दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच लंच के दौरान होता है। इसमें सभी क्षेत्रों के लोगों को पौष्टिक भोजन का एक बॉक्स दिया जाता है। शेफर्ड फूड्स हर रोज अपना मेनू भी बदलता है।

क्लाउड किचन ने यह सेवा कम से कम डेढ़ महीने तक जारी रखने का लक्ष्य रखा है। स्थिति के आधार पर इसे आगे अभी बढ़ाया जाएगा। शेफर्ड फूड्स महामारी के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए प्रति व्यक्ति 3 मास्क भी वितरित कर रहा है। फिलहाल एक दिन में 700 से 800 बॉक्स का वितरण किया जा रहा है। आने वाले कुछ दिनों में इसे बढ़ाकर 1,500 से 2,000 बॉक्स तक करने की योजना है।

शेफर्ड फूड्स के सह-संस्थापक, सहज सिंह कुकरेजा ने कहा, ‘हमारा समाज बेहद अप्रत्याशित समय से गुजर रहा है। हालांकि, सबसे ज्यादा प्रभावित लोग वे हैं, जो समाज के पिरामिड में सबसे निचले स्तर पर आते हैं। वे इस हालात में सबसे कमजोर हैं। हमारी फूड डिलीवरी सर्विस यह सुनिश्चित कर रही है कि हम जरूरत के इस समय में अपनी क्षमता के अनुसार हर तरह से उनकी मदद करें।‘

शेफर्ड फूड्स के सह-संस्थापक तुषार आनंद ने कहा, ‘शेफर्ड फूड्स मजबूत नैतिक मूल्यों के साथ काम करता है। हमारा मानना है कि कोविड-19 के प्रकोप का असर हमारे समाज के हर व्यक्ति पर पड़ा है। खास तौर पर प्रवासी श्रमिकों और दिहाड़ी श्रमिकों पर। सरकार अपनी क्षमता के अनुसार सब कुछ कर रही है। हमें भी जरूरतमंद लोगों का समर्थन करने के लिए वह सबकुछ करना चाहिए, जो हम कर सकें। हम अपनी पहल का असर देख सकते हैं। हम मानते हैं कि भले ही हमारी कोशिश से किसी एक व्यक्ति के चेहरे पर बस मुस्कान आए, लेकिन हम कुछ जो भी कर रहे हैं उसके कही ज्यादा मायने हैं।‘