रांची। झारखंड सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह को 13 मई की सुबह 6 बजे तक बढ़ा दिया है। इस दौरान पहले से लगाई गई पाबंदियां जारी रहेंगी। सरकारी कार्यालयों का समय बदला गया है। पहले कार्यालय दोपहर 2 बजे तक खोलने का आदेश दिया गया था। अब कार्यालय सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसमें स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, सीएम के प्रधान सचिव राजीव अरूण एक्का, नगर विकास सचिव विनय चौबे भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य में अभी भी संक्रमण की गंभीर स्थिति है। इसे देखते हुए पूर्व में जारी आंशिक लॉकडाउन को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। उन्होंने राज्यवासियों से अपील की कि वे इस स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का पालन सख्ती से करें।
