आंदोलनरत छात्रों से मिले बाबूलाल मरांडी, कहा-पूरे मामले की हो सीबीआई जांच

झारखंड
Spread the love

  • नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि छात्रों की मांगें बिल्कुल जायज
  • जो कर्मचारी पैसे देकर चयनित होंगे, वे भ्रष्टाचार ही फैलाएंगे
  • झारखंड में पेपर लीक का नहीं, बल्कि नौकरी बेचने का मामला

रांची। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा के विधायकों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम जाकर आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा नेताओं एवं छात्रों के बीच 15 मिनट से अधिक समय तक की वार्ता हुई। बाबूलाल मरांडी छात्रों की मांगें सहित आंदोलन से जुड़े सारे पहलुओं से अवगत हुए।

मुलाकात के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि JPSC और JSSC में जिस प्रकार गड़बड़ियां हुई हैं, छात्रों की मांग इन परीक्षाओं को रद्द करते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की है। इससे कम मांग पर छात्र मानने को कतई तैयार नहीं हैं। छात्रों की सारी मांगें बिल्कुल जायज और वाजिब हैं। भाजपा छात्रों के मुद्दे पर उनके साथ सड़क से सदन तक खड़ी है। इस मामले को विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।

श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड में पेपर लीक का मामला ही नहीं है, बल्कि यहां JPSC और JSSC के द्वारा खुलेआम नौकरियां बेची गई हैं। केवल 14वीं जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी का ही मामला नहीं है बल्कि जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा सहित तमाम परीक्षा में धांधली एवं अनियमितता सामने आई है। उत्पाद सिपाही भर्ती में सवालों को तमाड़ में चुने हुए छात्रों को रटवाया गया था।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इससे पहले भी जेएसएससी के द्वारा वैसे अभ्यर्थी, जिनसे पैसा लिया गया था उन्हें बिहार,नेपाल और रांची में 120 प्रश्नों के उत्तर रटवाये गए थे और वे सारे सवाल हु-ब-हु पूछे गए थे।

जेपीएससी की परीक्षा के कट ऑफ मार्क्स जारी नहीं किया गया था। परिणाम पार्ट-पार्ट में निकाला गया था। जब हाइकोर्ट की डांट पड़ी, तब कट ऑफ मार्क्स जारी किए गए तो यह पाया गया कि जिन अभ्यर्थियों का चयन हुआ था उनसे कहीं अधिक मार्क्स वैसे बच्चे लाये थे जिनका चयन ही नहीं हुआ था। इसलिए अब तक पिछले 6 वर्षों में जितनी भी परीक्षायें जेपीएससी ने आयोजित किया है उन सबमें गड़बड़ी है। अतः इस सबकी जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए।

श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड को करप्शन के दलदल से बचाना हम सबों का दायित्व है। छात्रों के भविष्य के साथ-साथ झारखंड के भविष्य को भी बचाने की जरूरत है। इस गड़बड़ी के माध्यम से जो लोग अफसर, बाबू बनेंगे, जो लोग आज पैसे देकर नौकरी खरीदेंगे, वो अगले 30 साल तक झारखंड में करप्शन का रायता फैलाएंगे। वे इस राज्य को लूटकर पूरी तरह खोखला कर देंगे। इस परिपाटी को खत्म करना होगा।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अगर वास्तव में राज्य को करप्शन से बचाना है, JPSC और JSSC संस्थान को भ्रष्टाचार मुक्त करना है तो इसके अध्यक्ष, परीक्षा नियंत्रक और सचिव को तुरंत बर्खास्त करते हुए पूरे मामले की सीबीआई जांच आवश्यक है। साथ ही इन सभी दोषियों पर FIR दर्ज कर इनकी अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

श्री मरांडी ने राज्य सरकार की संवेदनशीलता पर भी सवाल उठाया। बारिश के मौसम में इस विषम परिस्थिति में छात्र आंदोलन में डटे हुए हैं, ये अपना वाजिब हक-अधिकार मांग रहे हैं परंतु झारखंड सरकार और प्रशासन ने थोड़ी भी मानवीय संवेदना नहीं दिखाई। उल्टा नियम कायदों की आड़ में छात्रों को परेशान किया गया, यह कहीं से भी उचित नहीं है।

इस दौरान भाजपा विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, मनोज यादव, नागेंद्र महतो, डॉ नीरा यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, अमित यादव, शत्रुघ्न महतो, उज्ज्वल दास, मंजू कुमारी, प्रदीप प्रसाद, पूर्णिमा साहू, आजसू विधायक निर्मल महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X, स्‍वदेशी एप arattai सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ जुड़ें

व्‍हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्‍वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *