विवेक चौबे
गढ़वा। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामलाला दुबे ने मझिआंव प्रखंड स्थित धान क्रय केंद्र के मैनेजर के विरुद्ध शिकायत मिलने पर मझिआंव प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिलकर उनके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उक्त मैनेजर द्वारा किसानों को चकमा देकर रात में बिचौलियों के धान की खरीदारी किया जा रहा था। यह एक आपराधिक मामला है। ऐसे में उनके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त को जेल जाना चाहिए। उल्टे प्रशासन द्वारा उसका तबादला कर एक तरह से उसके कुकृत्य पर इनाम दिया जा रहा है।
श्री दुबे ने कहा कि गढ़वा जिला के तमाम धान क्रय केंद्रों पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। ऐसे भ्रष्ट लोगों पर कानूनी कार्रवाई होने से सबको सकारात्मक संदेश जाता। भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जा सकती थी। हालात तो यह है कि तमाम धान क्रय केंद्रों पर किसानों से बोड़ा, नकद पैसा और 3 किलो अधिक धान लिया जा रहा है। यहां तक कि उनसे मजदूरी भी वसूल की जा रही है।
शिकायत किए जाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि सारी वस्तुस्थिति से कमिश्नर को अवगत करा दिया गया है। अभी मार्च क्लोजिंग के चलते व्यस्तता बढ़ गई है। इसके बाद उच्चाधिकारियों के आदेश आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। मौके पर बिरेंद्र नाथ दुबे, भगवान दास तिवारी, सुरेश पांडेय, उमा यादव, सरिता सिंह, किसान मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष व सहकारी समिति अध्यक्ष उपस्थित थे।