दिल्ली हाईकोर्ट और निचली अदालतों में अगले माह से ए4 साइज के पेपर का इस्तेमाल होगा

देश नई दिल्ली मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट और दिल्ली की निचली अदालतों में आगामी 1 अप्रैल से ए4 साइज के पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक ए4 साइज के पेपर एक तरफ ही प्रिंट किए जाएंगे। 

हाईकोर्ट के नोटिफिकेशन में कहा गया है कि हाईकोर्ट और दिल्ली की सभी जिला अदालतों में सभी प्रकार के वादों से संबंधित न्यायाधिकार क्षेत्रों में याचिकाओं, हलफनामों, अर्जियों और दूसरे दस्तावेजों आदि के अलावा सभी प्रकार की अपीलों, आदेशों और फैसलों के लिए ए4 साइज के पेपर इस्तेमाल किए जाएंगे। हाईकोर्ट ने नोटिफिकेशन में कहा गया है कि ए4 साइज के पेपर एक तरफ ही प्रिंट किए जाएंगे। दरअसल 5 नवंबर, 2020 को एक याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली हाईकोर्ट ने कोर्ट की रजिस्ट्री को निर्देश दिया था कि वो दिल्ली हाईकोर्ट और दिल्ली की निचली अदालतों के कामों में ए4 साइज के पेजों के दोनों ओर प्रिंट कर उपयोग करने की मांग करने वाली याचिका को प्रतिवेदन की तरह विचार करें। 

याचिका वकील नम्रता मुकीम ने दायर की थी। याचिका में कहा गया था कि ए4 साइज के पेजों के इस्तेमाल से पर्यावरण के बचाव के साथ-साथ न्यायत की उपलब्धता में आसानी होगी। याचिका में कहा गया था कि सुप्रीम कोर्ट ने भी पर्यावरण के लिहाज से आदेश दिया है कि देश भर की अदालतों में अब लीगल साइज पेपर की बजाय ए4 साइज पेपर पर काम होगा। इस आदेश को देखते हुए दिल्ली हाईकोर्ट और दिल्ली की निचली अदालतों में भी ए4 साइज पेपर का उपयोग करना चाहिए। याचिका में कहा गया था कि लीगल साइज के पेपर का इस्तेमाल ब्रिटिश जमाने की परंपरा है, जो महंगी भी है। याचिका में कहा गया था कि लीगल साइज के पेपर का इस्तेमाल संविधान की धारा 14 और 21 का भी उल्लंघन है। 

याचिका में कहा गया था कि ए4 साइज का इस्तेमाल सभी सरकारी दफ्तरों और कारपोरेट सेक्टर में होता है। केवल कोर्ट में ही लीगल साइज पेपर का इस्तेमाल होता है। याचिका में कहा गया था कि कोर्ट लोगों के लिए है और लोग कोर्ट के लिए नहीं है। इसलिए कोर्ट में अपनायी जाने वाली प्रक्रिया लोगों के अनुरूप होनी चाहिए ताकि उन्हें त्वरित न्याय मिल सके। लीगल साइज पेपर पर प्रिंट होने की वजह से ज्यादा कागज का इस्तेमाल होता है और इसका पर्यावरण पर भी असर पड़ता है। याचिका में कहा गया था कि केरल, त्रिपुरा और कलकत्ता हाईकोर्ट में ए4 साइज के पेपर पर दोनों तरफ प्रिंट कर उनका इस्तेमाल किया जाता है।