Bokaro: नगर निकाय चुनाव: चास में एसडीपीओ पर हमला, फर्जी वोटिंग रोकने पर भड़की भीड़

अपराध झारखंड
Spread the love

बोकारो। बड़ी और दुखद खबर झारखंड के बोकारो से सामने आई है। झारखंड में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत चल रहे मतदान के दौरान बोकारो जिले के चास नगर निगम क्षेत्र में एसडीपीओ प्रवीण सिंह पर हमला कर दिया गया।

इस घटना में पुलिस अधिकारी घायल हो गये। आनन फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना वार्ड संख्या 32 में विश्रामागार परिसर स्थित मतदान केंद्र की है।

वारदात की सूचना मिलते ही बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

पुलिस कप्तान से बात करते हुए पार्षद प्रत्याशी सहित कई महिलाओं ने घटना की जानकारी दी और पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किये जाने का आरोप भी लगाया।

दूसरी तरफ एसडीपीओ प्रवीण सिंह का कहना है कि मतदान केंद्र परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जबकि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार बूथ से 100 मीटर के दायरे में अनधिकृत लोगों का रहना प्रतिबंधित है।

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने भीड़ को हटाने के लिए कार्रवाई की, तो इसका जबरदस्त विरोध शुरू हो गया। इसी क्रम में उन पर हमला किया गया।

एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि अपने प्रत्याशी के पक्ष में फर्जी मतदान कराने की कोशिश की जा रही थी।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजा जायेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *