झारखंड में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान को महिलाओं का समर्थन

झारखंड
Spread the love

  • सीजीएचएस डिस्पेंसरी में जांच और इलाज़
  • दुर्गा पूजा पंडालों में लगा रहे स्वास्थ्य शिविर

रांची। भारत सरकार के ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान को झारखंड की महिलाओं का उत्साहपूर्ण सहयोग मिल रहा है। इस अभियान के अंतर्गत केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) के विभिन्न औषधालयों में महिलाओं के लिए व्यापक जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

रांची स्थित सीजीएचएस-1 औषधालय में ही 17 सितंबर से अब तक सैकड़ों महिलाओं की जांच की जा चुकी है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू की गई थी। यह 2 अक्तूबर तक जारी रहेगी।

सीजीएचएस रांची के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुंदरम श्री हर्ष ने बताया कि बड़ी संख्या में महिलाएं आगे आ रही हैं। उन्होंने कहा, ‘अब महिलाएं समझ रही हैं कि स्वस्थ नारी ही मजबूत परिवार की नींव है। इसी सोच के साथ वे जांच और उपचार के लिए आ रही हैं।‘

विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी इस अभियान में जुड़ी है। कई अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टर महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा थापा ने इसे महिलाओं के स्वास्थ्य पर केंद्रित एक अनूठी सरकारी पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना देश की 70 करोड़ से अधिक महिला आबादी को सशक्त बनाने में सहायक है।

वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश झा ने कहा, ‘यह अभियान महिलाओं को जागरूक कर रहा है कि उनका स्वास्थ्य परिवार, राज्य और राष्ट्र के लिए कितना महत्वपूर्ण है। स्वस्थ नारी न केवल परिवार को संभालती है बल्कि पुरुषों के बराबर देश की अर्थव्यवस्था में योगदान भी देती है।‘

लाभार्थियों ने भी अपनी राय साझा की। सीजीएचएस की लाभार्थी सुकांति नंद ने कहा कि अधिक से अधिक महिलाओं को जांच करानी चाहिए। इससे वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होंगी। दूसरों को भी प्रेरित करेंगी। वहीं 16 वर्षीय उन्नति चौधरी ने कहा, ‘स्वस्थ महिला ही परिवार का सबसे मजबूत स्तंभ है। महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए और अच्छी सेहत के महत्व को समाज में बताना चाहिए।‘

रविवार को डॉ. सुंदरम, डॉ. शिल्पी श्रद्धा मिन्ज (सीएमओ एनएफएसजी), डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव (एसएमओ), फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने विद्यनगर, श्यामली, डोरंडा स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में मधुमेह, उच्च रक्तचाप और महिला स्वास्थ्य पर जागरुकता शिविर का आयोजन किया। यहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

अधिकारियों को उम्मीद है कि यह पहल महिलाओं को और अधिक सक्षम बनाएगी और निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देगी। यह संदेश मजबूती से स्थापित होगा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK