
- प्रस्ताव के विरोध में अपनी आपत्ति दर्ज कराएं सदस्य : चैंबर
रांची। नगर विकास एवं आवास विभाग के झारखंड इलेक्ट्रिसिटी कंजम्प्शन सरचार्ज रूल्स 2025 के माध्यम से नगरीय उपभोक्ताओं पर 5% बिजली सरचार्ज लगाने के प्रस्ताव से होनेवाली समस्या पर चैंबर भवन में शुक्रवार को बैठक हुई। सदस्यों ने विभागीय प्रस्ताव के प्रति आपत्ति जताते हुए कहा कि इस प्रस्ताव से ना केवल व्यापार-उद्योग, निवेश बल्कि आमजन भी प्रभावित होंगे। विभाग को जनहित में यह प्रस्ताव वापस लेना चाहिए। चर्चाओं के उपरांत चैंबर ने सभी सदस्यों से इस प्रस्ताव के विरोध में अपनी आपत्ति दर्ज कराने की अपील की।
झारखंड चैंबर की 20 जुलाई को साहेबगंज में होनेवाली कार्यकारिणी समिति की बैठक के लिए भी बैठक में चर्चा हुई। विदित हो कि चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी के नेतृत्व में शनिवार को 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल कार्यकारिणी बैठक में शामिल होने के लिए रवाना होगा। बैठक का आयोजन ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के आतिथ्य में आयोजित किया जा रहा है।
नामकुम स्थित नवनिर्मित ईएसआईसी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं में कमी पर भी सदस्यों द्वारा चिंता जताई गई। कहा गया कि नवनिर्मित अस्पताल हजारों ईएसआईसी पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके आश्रितों के लिए प्रमुख सेवा का केंद्र है, किंतु यहां एक्स रे मशीन, पैथोलॉजी लैब, अल्ट्रासाउंड जैसी मूलभूत जांच सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उपयुक्त संसाधनों के अभाव में मरीजों को आवश्यक जांच के लिए निजी अस्पतालों अथवा दूरस्थ चिकित्सा केंद्रों पर निर्भर होना पड़ता है।
वास्तविक कठिनाई को देखते हुए चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री को पत्राचार कर नवनिर्मित अस्पताल में सभी आवश्यक सुविधा बहाल कराने का अनुरोध किया। बैठक में गढ़वा चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदधारियों ने भी अपनी समस्याओं से झारखंड चैंबर को अवगत कराते हुए मामले में हस्तक्षेप का आग्रह किया।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव विकास विजयवर्गीय, नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार, संजय अखौरी, सदस्य प्रमोद सारस्वत, मुकेश पांडे गढ़वा चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से बबलू पटवा समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK