जनता दरबार में पहुंची महीनों से कम राशन देने की शिकायत

झारखंड
Spread the love

  • जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सुनी आमजनों की समस्याएं

विश्वजीत कुमार रंजन

गढ़वा। उपायुक्त शेखर जमुआर के निर्देश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम गोपाल पांडेय ने समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई। समस्याओं के निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया।

जनता दरबार में राशन, पेंशन, आवास, भूमि सीमांकन, नामांतरण, मजदूरी बकाया भुगतान, मुआवजा, रोजगार/नौकरी देने आदि समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से समस्या सुनी गई। यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।

रमकंडा प्रखंड के बरवा निवासी सुशीला कुजूर ने शिकायत की कि जन वितरण प्रणाली दुकान गुलाब महिला समूह, बरवा द्वारा उन्हें कई महीनों से कम राशन दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष, 2024 के महीना मार्च, अप्रैल, मई एवं जून के राशन वितरण में 4-4 किलोग्राम खाद्यान्न की कटौती करके वितरित की गई है। वर्ष 2025 के मार्च का राशन किसी भी कार्डधारी को नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त जन वितरण प्रणाली दुकान द्वारा लाभुकों के राशन वितरण में भारी अनियमितता बरती जा रही है। उन्होंने उक्त जन वितरण प्रणाली दुकान का लाइसेंस रद्द करते हुए ग्राम बरवा के किसी दूसरी महिला समूह को सौंपने का अनुरोध किया है।

कांडी प्रखंड के ग्राम हरिगांवा निवासी काशीनाथ साव ने स्वयं को अनुसेवक के पद पर रखने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि पिछले 7 वर्षों से मनरेगा के तहत दैनिक मजदूरी पर प्रखंड कार्यालय कांडी में अनुसेवक के पद पर कार्य कर रहे थे। ग्रामीण विकास विभाग झारखंड द्वारा बाह्य स्रोत के माध्यम से अनुसेवक की सेवा लेने के निर्देश के आलोक में दो अनुसेवकों को रखा गया है, जिसमें उनका नाम शामिल नहीं है।

उत्क्रमित मध्य विद्यालय बीरबांध, रंका के सहायक शिक्षक चंद्र किशोर सिंह ने वेतनादि भुगतान करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में वे प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में कार्यरत हैं। सितंबर, 2024 से अपने मूल विद्यालय में नियमित रूप से शैक्षणिक कार्य कर रहे हैं। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सह समन्वयक प्रखंड संसाधन केंद्र रंका के आदेश पर अन्य कार्य भी कर रहे हैं। इसके बावजूद भी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सह निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी राजकीय मध्य विद्यालय दौनादाग रंका द्वारा वेतनादि का भुगतान नहीं किया जा रहा है।

प्रखंड सगमा के कटहरकला निवासी प्रतिमा कुमारी ने मनरेगा अंतर्गत कूप निर्माण योजना की लंबित मजदूरी भुगतान करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि प्रखंड सगमा अंतर्गत कटहरकला पंचायत में वर्ष 2018-19 में मनरेगा के तहत कूप निर्माण का कार्य संचालित था, जिसे उन्होंने स्वयं एवं मनरेगा मजदूर मिलकर निर्माण कार्य को पूरा किया है। इसकी मजदूरी का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। उन्होंने सभी मनरेगा मजदूरों की लंबित मजदूरी का भुगतान कराने का अनुरोध किया है।

इस प्रकार बारी-बारी से अन्य लोगों ने भी विभिन्न प्रकार की समस्याओं को पदाधिकारी के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारि‍यों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, एक्‍स सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK