विश्वजीत कुमार रंजन
गढ़वा। अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने साप्ताहिक कार्यक्रम ‘कॉफी विद एसडीएम’ में गढ़वा अनुमंडल अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों के दिव्यांगजनों को आमंत्रित किया। संजय कुमार ने आमंत्रित सदस्यों की पारिवारिक पृष्ठभूमि के अलावा रोजमर्रा की जरूरतों और समस्याओं के बारे में पूछा। उनसे पूछा कि वे दिव्यांग कल्याण की दिशा में प्रशासन से क्या अपेक्षाएं रखते हैं। एसडीओ ने जिले और प्रखंड के संबंधित पदाधिकारियों से बात कर कुछ समस्यायों का मौके पर ही निदान करा दिया। शेष समस्याओं के यथाशीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया। इस दौरान दिव्यांगों ने कई रचनात्मक सुझाव भी दिये।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग से डॉ संतोष मिश्रा व दिनेश उरांव मौजूद थे। उन्होंने दिव्यांगों के लिए रेलवे में रियायती टिकट, दिव्यांगता प्रमाणन बोर्ड, सर्टिफिकेट प्रक्रिया, आई कार्ड आदि को लेकर विस्तार से बताया। समाज कल्याण विभाग की प्रतिनिधि प्रतिमा कुमारी ने व्हीलचेयर, हियरिंग एड आदि के बारे में जानकारी दी। सामाजिक सुरक्षा कार्यालय के शुग लाल ने पेंशन संबंधी प्रश्नों का उत्तर दिया।
मौके पर ट्राई साइकिल, स्वरोजगार सहायता, आवास तथा राशन कार्ड से संबंधित ज्यादा मामले आए। जन्मजात मूक बधिर चंदन ठाकुर ने आवास की जरूरत बताई। नवाडीह के सत्येंद्र नाम ने कहा कि राशन कार्ड बनवाने में दिक्कत आ रही है। सुनीता कुमारी व कैलाश कुमार ने बताया कि उन्हें पेंशन तो मिलती है, किंतु उन्हें ट्राई साइकिल की जरूरत है। देवेंद्र कुमार मेहता ने बताया कि पोलियो ग्रस्त होने के बाद भी उनका प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा है।
एसडीएम संजय कुमार ने दिव्यांगजनों के लिए कार्यरत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 14456 के बारे में बताया। कहा कि जब भी उन्हें कोई दिक्कत हो वे इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम में लोकोमोटिव, दृष्टि बाधित, मूक-बधिर, न्यूरो, पिजन चेस्ट जैसी दिव्यांगता से प्रभावित 71 महिला-पुरुषों ने भाग लिया।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK