जनता में भाजपा की स्वीकार्यता और लोकप्रियता बढ़ी है : डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेई

झारखंड राजनीति
Spread the love

  • फरवरी तक नये प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन हो जाएगा
  • भाजपा सजग लोकतांत्रिक प्रहरी की भूमिका निभाएंगी

रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेई ने कहा कि हम चुनाव हारे हैं, लेकिन चुनाव में अंकगणित काम देता है। हमने वोट बढ़ाए हैं। प्रतिशत बढ़ाया है। जनता में भाजपा की स्वीकार्यता बढ़ी है, लेकिन अंकगणित में पीछे रह गई। इससे सीख लेकर इस हार से एक मजबूत संगठन बनाने का संकल्प लिया गया है। वे 1 दिसंबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात कर रहे थे।

डॉ वाजपेई ने कहा कि अंगद की तरफ पैर जमाकर समाजि‍क जीवन में अपने दायित्व का निर्वहन करने के लिए काम करेंगे। सदस्यता अभियान के माध्यम से एक बार हम कार्यकर्ता को संरक्षण देने वाला संगठन का निर्माण करेंगे। फरवरी तक नये प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन हो जाएगा। सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। सरकार अच्छे काम करती है तो ठीक है, जन विरोधी काम करने पर भाजपा सड़क पर भी जाने में कोई संकोच नहीं करेगी। जनता के साथ कोई घटना होगी तो निश्चित तौर पर इसके लिए संघर्ष करेंगे। पार्टी के कार्यकर्ता के साथ कोई छेड़छाड़ करने की कोशिश की तो हर परिस्थिति में संरक्षण देंगे। संगठन के माध्यम से ताकत का सृजन करेंगे। ताकत का सृजन कर आगे बढ़ेंगे।

प्रदेश कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय ने कहा कि पार्टी ने दो दिनों तक पांच सत्रों में बैठक की। इस दौरान चुनाव के संचालन से लेकर उसके प्रबंधन और परिणाम तक विस्तृत चर्चा की गई। भाजपा ने राजनीति उद्देश्य, राष्ट्रहित और लोकतंत्र के हित में काम करने के मिशन के तहत इस चुनाव को लिया है। राजनीति में चुनाव महत्वपूर्ण पहलू है। इसकी सफलता और असफलता सामान्य नजरों में देखा जाता है। भाजपा इसे थोड़ा और गहराई में जाकर इस रूप में लेती है कि हमको समाज ने किस रूप में जिम्मेदारी दी है और किस रूप में कितना स्वीकार किया है।

डॉ राय ने कहा कि झारखंड की जनता में भारतीय जनता पार्टी के प्रति विश्वसनीयता में कोई कमी नहीं आई है। पहले से पार्टी को 9 लाख अधिक वोट मिले हैं। लोगों के बीच में भारतीय जनता पार्टी के मुद्दे और विषय को स्वीकृति भी मिली। हालांकि वोटो के ध्रुवीकरण के कारण इसमें सांप्रदायिकता का भाव और जातीयता का उभार पैदा किया गया। कुछ समूहवाद को और झारखंड को विभाजित करने का काम किया गया। इसकी वजह से जो परिणाम की उम्मीद की थी, वह नहीं आई। हालांकि इसमें भाजपा के संगठन और उम्मीदवार के स्तर पर कमी और आरोप प्रत्यारोप की बात कहीं से नहीं आई। हर व्यक्ति ने स्वीकार किया कि समाज में हमारी बातों को सुना और सराहा गया।

डॉ राय ने कहा कि भाजपा के खिलाफ जातीय दुर्भावना, सांप्रदायिक दुर्भावना और अलग-अलग कम्युनिटी को भावनाओं को भड़काने का काम झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद द्वारा किया गया। उसके कारण धुव्रीकरण का दुष्परिणाम आया, लेकिन भाजपा अपने संगठन और विचारधारा के प्रवाह में इस परिणाम की बिना परवाह किए झारखंड की जनता के हित में आगे अपना काम करती रहेगी। विपक्ष की भूमिका निभाएगी। सरकार के कार्यों का बहुत ही गंभीरता से निरीक्षण करेगी। देखती रहेगी कि जो जनता के सामने वादे हुए, पूरे हो रहे हैं कि नहीं हो रहे हैं। हम एक सजग लोकतांत्रिक प्रहरी की भूमिका निभाएंगे।

डॉ राय ने कहा कि चुनाव के दौरान संचालन, प्रबंधन और उम्मीदवारों के जनसंपर्क अभियान में कोई कमी नहीं हुई। मुद्दों को जनता तक ले जाने में थोड़ी कमी रह गई, जिसके कारण विरोधी सफल रहे। भाजपा झारखंड को अपने राजनीतिक का बड़ा प्रयोग भूमि मानती है और एक व्यापक दृष्टिकोण लेकर आगे भी काम करती रहेगी।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी मौजूद थे।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमसे इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/F5cUgceY6g88N3vxrwAvdX