
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले यहां की राजनीति में बड़ा भूचाल देखने को मिल सकता है। वजह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के दिग्गज नेता चंपाई सोरेन आज यानी रविवार को बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए वे अपने साथ कुछ विधायकों को लेकर दिल्ली पहुंच गए हैं।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वो आज पार्टी हेडक्वार्टर में सदस्यता ग्रहण करने वाले हैं। बताते चलें कि वो कुछ दिनों से लगातार मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा कैबिनेट मिनिस्टर शिवराज सिंह चौहान के संपर्क में थे। शिवराज सिंह चौहान झारखंड के चुनाव प्रभारी हैं।
ऐसी स्थिति में आगामी विधानसभा चुनाव 2024 के पहले बीजेपी हर कोशिश करना चाहती है कि जेएमएम में टूट हो, जिसका फायदा आगामी इलेक्शन में पार्टी को मिले। इसके लिए उन्होंने चंपाई सोरेन को ही शामिल करने का मास्टर प्लान तैयार किया।
बता दें कि पूर्व सीएम अपने साथ जिन विधायकों को लेकर दिल्ली पहुंचे हैं। उनके नाम इस प्रकार हैं-बादल पत्रलेख, रामदास सोरेन, चमरा लिंडा, लोबिन हेमब्रोम, समीर मोहंती। ऐसा इसलिए, क्योंकि इन सभी लोगों का जेएमएम के साथ कोई संपर्क नहीं बन पा रहा है।
चंपई सोरेन ने दिया ये जवाब
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता चंपाई सोरेन कल रात ही रांची से कोलकाता पहुंच गए थे, जहां से उनकी दिल्ली की फ्लाइट थी। वहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से बातचीत की थी। हालांकि, उन्होंने पहले बीजेपी में जाने की अटकलों को खारिज कर दिया था। उनसे जब पूछा गया कि बीजेपी में शामिल होने की खबरों में कितनी सच्चाई है? इस पर उन्होंने कहा था कि अटकलों को लेकर कोई जानकारी नहीं है. हम जहां हैं, वहीं हैं।
मुख्यमंत्री पद से हटाने को लेकर नाराज हैं चंपाई
बता दें कि, झारखंड के मौजूदा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जमीन घोटाला मामले में जेल जाना पड़ा था। तब उनकी अनुपस्थिति में चंपाई सोरेन को सीएम नियुक्त किया गया था। हालांकि, जून में जब जेल से हेमंत बाहर आए, तो फिर से राज्य की सत्ता पर काबिज हो गए। इस बात को लेकर शायद चंपाई नाराज हो गए। उसके बाद ही उनके जेएमएम को छोड़ने की चर्चा तेज हो गई थी।