- सेरेनदाग थाना क्षेत्र के दुंदरू जंगल में हुई घटना, जवानों ने संभाला मोर्चा
आनंद कुमार सोनी
लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले में एक बार फिर माओवादियों के बिछाए लैंड माइंस की चपेट में पुलिस के जवान आ गये। इस घटना में एक जवान दुलेश्वर परास (29) घायल हो गया था। उसे चॉपर से रांची लाकर मेडिका में भर्ती कराया गया है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गश्ती के दौरान हुई घटना
घटना जिले के सुदूरवर्ती सेरेनदाग थाना क्षेत्र के दुंदरू जंगल की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरक्षाबल के जवान इलाके में गश्त पर थे। इस दौरान दल में शामिल एक जवान लैंड माइंस विस्फोट की चपेट में आ गया। जवान का पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया था। घायल जवान सेरेनदाग थाने में पदस्थापित सैट का जवान था। वह गुमला जिले के डुमरी का रहने वाला था।
जवानों ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल के जवानों ने दुंदरू जंगल की घेराबंदी कर दी। प्राथमिक इलाज करने के बाद जवान को हेलीकॉप्टर की मदद से रांची ले जाया जा गया। उसे मेडिका में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान जवान की मौत हो गई।
कई ब्लास्ट हुए हैं
विदित हो कि लोहरदगा और लातेहार जिला के सीमावर्ती जंगल में हाल के दिनों में कई आईईडी ब्लास्ट की घटनाएं हुई है। इस घटना में पुलिस जवान सहित कई ग्रामीण जान गंवा बैठे हैं।