
रांची। बुधवार को बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल के चेक बाउंस से जुड़े मामले की सुनवाई रांची के सिविल कोर्ट में हुई। सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता अजय कुमार सिंह ने गवाह से क्रॉस एग्जामिनेशन किया।
इसके पूर्व कोर्ट में अमीषा पटेल ने वकील के जरिए उनपर लगे एक हजार रुपये जुर्माने की राशि जमा करायी। अगली सुनवाई 11 दिसंबर को होगी। यह सुनवाई ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास दिग्विजय नाथ शुक्ला की अदालत में हुई।
बताते चलें कि, फिल्म मेकर अजय कुमार सिंह ने अभिनेत्री अमीषा पटेल पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अमीषा ने ‘देसी मैजिक’ फिल्म बनाने के नाम पर उनसे दो करोड़ रुपये ली थी और उसके बाद वापस नहीं की।
अजय ने जब पैसा मांगा, तो अमीषा ने दो चेक दिए, जो बाउंस हो गए। इसके बाद अजय ने अमीषा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। इस मामले में अमीषा ने 17 जून को रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर किया था।