Ranchi: ईडी के अधिकारियों के खिलाफ जेल से हो रही खतरनाक साजिश की हो सीबीआई जांच: प्रतुल शाहदेव

झारखंड
Spread the love

रांची। रविवार को भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड में चल रही हेमंत सरकार पर बड़ा हमला बोला। प्रदेश मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए प्रतुल ने कहा कि पूरे राज्य में सिस्टम धराशायी हो गया है। संवैधानिक मशीनरी भी ध्वस्त हो गई है। जेल से सरकार चल रही है। जेल में बंद सत्ता के दलाल ईडी के अधिकारियों के खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं।

प्रतुल ने कहा ऐसी खबरें मीडिया में लगातार आ रही हैं कि सत्ता के शीर्ष में ऑपरेट करने वाले जेल में बंद दलालों के खिलाफ जांच कर रहे ईडी के अधिकारियों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों, गैंगस्टरों का सहयोग लिए जाने का षड्यंत्र हो रहा है। ये विचलित और चिंतित करने वाली बात है।

प्रतुल ने कहा कि यह भी आरोप लग रहा है कि एक महिला के जरिए ईडी के अधिकारियों के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें परेशान करने की कोशिश हो रही है। साथ ही कहा कि जेल के अधिकारियों पर यह संगीन आरोप लगा है कि उन्होंने कैदियों के द्वारा दलालों के खिलाफ शिकायत करने वाले पत्रों को दबा दिया। जांच के दायरे में इसे भी लाया जाए।

प्रतुल ने कहा कि हेमंत सरकार को जवाब देना चाहिए कि ईडी के द्वारा हजारों करोड़ के भ्रष्टाचार की जांच करने के दौरान दोषी पाए गए अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए दर्जनों पत्र 18 नवंबर, 2022 से 26 सितंबर के बीच राज्य सरकार को लिखा गया था, लेकिन अभी तक राज्य सरकार कुंडली मारकर क्यों बैठी है?

भाजपा मांग करती है कि हेमंत सरकार इस पूरे मामले की सीबीआई जांच करने की अनुशंसा करे। प्रतुल ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों को राज्य में सुरक्षा न देकर सत्ता के शीर्ष के दलाल भय का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं जो कि निंदनीय है।