Maharashtra: समृद्धि एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर, कंटेनर से टकराई मिनी बस, 12 की मौत, 23 घायल

मुंबई
Spread the love

मुंबई। बड़ी और दुखद खबर महाराष्ट्र से आ रही है। छत्रपति संभाजीनगर जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर रविवार की सुबह तेज रफ्तार एक मिनी बस ने एक कंटेनर को टक्कर मार दी। इसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई तथा 23 अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि निजी बस में 35 यात्री सवार थे।

उन्होंने बताया कि यह हादसा जिले में एक्सप्रेसवे के वैजापुर इलाके में देर रात करीब साढ़े 12 बजे हुआ, यह स्थान मुंबई से करीब 350 किलोमीटर दूर है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके परिणामस्वरूप बस ने पीछे से कंटेनर को टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि हादसे में 12 यात्रियों की मौत हो गयी। मृतकों में पांच पुरुष, छह महिलाएं और एक नाबालिग लड़की शामिल है। अधिकारी ने बताया कि 23 अन्य यात्री घायल हो गए हैं और उन्हें एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।