
- राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी को बर्खास्त करने के प्रस्ताव पर मुहर
- अनुकंपा आधारित नियुक्ति नीति में संशोधन के प्रस्ताव को दी गई मंजूरी
रांची। जेपीएससी की परीक्षा में अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम उम्र सीमा के लिए 1 अगस्त 2016 और न्यूनतम उम्र सीमा के लिए 1 मार्च 2021 कट ऑफ डेट होगा। झारखंड कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
कैबिनेट ने झारखंड कंबाइन सिविल सर्विसेज रूल 2021 में संशोधन में मंजूरी दे दी। पीटी में 15 गुना के लिए आठ फीसदी मार्क्स नीचे लाने की लिमिट समाप्त करने के प्रस्ताव पर भी मुहर लगा दी। अनुसूचित जिलों और गैर अनुसूचित जिलों में लागू नियोजन नीति के संकल्प और आदेश वापस लेने को मंजूरी दे दी।
कैबिनेट ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी आशुतोष कुमार को बर्खास्त करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। उन पर जिला कल्याण पदाधिकारी रहते हुए वित्तीय गड़बड़ी करने का आरोप था।
अनुकंपा आधारित नियुक्ति नीति में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अब 7 साल से लापता सरकारी सेवक के आश्रित को भी अनुकंपा के आधार पर नौकरी दी जाएगी। विभिन्न संस्थान कॉर्पोरेशन, नगर निकाय खुद अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने के मामले में निर्णय ले सकेंगे।
विधानसभा का बजट सत्र 26 फरवरी से 23 मार्च तक चलेगा। 3 मार्च को बजट पेश किया जाएगा।
कैबिनेट की बैठक में झारखंड जनजातीय परामर्श दात्री परिषद की नियमावली के गठन की स्वीकृति दे दी। इसके मुख्यमंत्री अध्यक्ष होंगे। उनके अलावा 18 सदस्य होंगे।
पथ निर्माण विभाग के 11 पुल परियोजनाओं के लिए नाबार्ड से 204.06 करोड़ ऋण लेने की स्वीकृति दी गई। 26 ग्रामीण पुल पर योजनाओं के कार्यान्वयन के लिए नाबार्ड से 137.99 करोड ऋण लेने के स्वीकृति दी गई।
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए राज्य सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के बीच एमओयू होगा। विस्तारीकरण के लिए 303.26 एकड़ भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति दी गई।