JHARKHAND: भाजपा के महासंपर्क अभियान के लिए इस नंबर पर करें मिस्ड कॉल, मिलेगी पूरी जानकारी

झारखंड
Spread the love

रांची। बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक माह तक चलने वाले महासंपर्क अभियान के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही एक मिस्ड कॉल नंबर 9090902024 भी जारी किया। इसके माध्यम से प्रदेश के नेता एवं कार्यकर्ता जनसंपर्क के दौरान मिस्ड कॉल कराकर लाभार्थियों, विशिष्ट परिवारों के साथ आम जनता से समर्थन प्राप्त करेंगे।

दीपक प्रकाश ने कहा कि मोदी सरकार नौ साल तक समावेशी विकास के साथ एक भारत श्रेष्ठ भारत बनाने के लिए समर्पित रही है। मोदी सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित सरकार है, जिसने भारत का मस्तक दुनिया में ऊंचा किया है। आज केवल देश की 141 करोड़ जनता ही नहीं, बल्कि दुनिया के विभिन्न देशों में निवास कर रहे करोड़ों भारतीय भी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 वर्षों के शासनकाल में परिवार और खुद के विकास की राजनीति को महिमामंडित किया, जबकि मोदी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास की नई गाथा लिखी। प्रधानमंत्री ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म कर विकासवाद की राजनीति को प्रतिष्ठित किया। दीपक ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं संपर्क अभियान के संयोजक डॉ प्रदीप वर्मा ने एक माह तक चलने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि झारखंड में जनसंपर्क अभियान को चार क्लस्टर में बांट कर 14 लोकसभा क्षेत्रों, 81 विधानसभा क्षेत्रों एवं 29464 बूथों के लिए कार्यक्रम की रचना की गई है। एक से 22 जून तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशिष्ट परिवारों, व्यक्तियों से संपर्क के कार्यक्रम होंगे।

दो और तीन जून को विधानसभा स्तर पर विकास तीर्थ कार्यक्रम आयोजित है, जिसमें भाजपा सरकार द्वारा विकसित किए गए स्थलों एवं प्रमुख विकास कार्यों का सांसद, विधायक एवं लोकसभा स्तर पर नियुक्त टोली का भ्रमण होगा। चार जून को विधानसभा स्तर पर सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स मीट, पांच और छह जून को विधानसभा स्तर पर लाभार्थी सम्मेलन, साथ और आठ जून को पार्टी के वरिष्ठ कार्यकतार्ओं के साथ भोजन, परिचर्चा कार्यक्रम होंगे।

उन्होंने कहा कि 10 और 11 जून को राज्य के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा का आयोजन होगा। 12 से लेकर 15 जून तक सभी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी द्वारा सभी सात मोर्चों का संयुक्त सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित है। 15 जून को सभी लोकसभा क्षेत्र में पत्रकार वार्ता भी होगी। 16, 17 एवं 18 जून को लोकसभा स्तर पर व्यापारी सम्मेलन होगा। 19 और 20 जून को विधानसभा स्तर पर लाभार्थी सम्मेलन होंगे। 20 से 30 जून तक बूथ स्तर पर घर घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा मिस्ड कॉल नंबर पर समर्थन प्राप्त करेंगे। 21 जून महासंपर्क अभियान मंडल स्तर पर योग दिवस के लिए समर्पित है।

23 जून डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर प्रधानमंत्री डिजिटल रैली के माध्यम से बूथ स्तर पर कार्यकर्ता एवं जनता को संबोधित करेंगे। 25 जून को मन की बात का 102वां एपिसोड सुनने के साथ सभी विधानसभा क्षेत्र में प्रबुद्ध जन सम्मेलन आयोजित होगा। 30 जून को झारखंड के अमर क्रांतिकारी सिदो कान्हो के शहादत दिवस पर पार्टी भाजपा सरकार द्वारा अनुसूचित जनजाति के विकास के लिए किए गए कार्यों की चर्चा करेगी।