BMS के राष्ट्रीय महामंत्री बोले, मजदूरों की मांगों पर किसी भी सरकार से समझौता नहीं

झारखंड
Spread the love

  • सीसीएल में कोयला श्रमिकों का कार्यकर्ता बैठक संपन्न

रांची। भारतीय मजदूर संघ (BMS) ने रांची स्थित सीसीएल दरभंगा हाउस के विचार मंच सभागार में कोयला श्रमिकों का कार्यकर्ता बैठक 25 अप्रैल को की। मुख्य अतिथि भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय महामंत्री रवींद्र हिमते, विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री गणेश मिश्रा और बिहार- झारखंड प्रभारी धर्मदास शुक्ला थे।

भगवान विश्वकर्मा, मां भारती एवं भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पर माल्यार्पण कर बैठक की शुरुआत की गई।

अध्यक्षीय संबोधन में बीएमएस झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष एसएन सिंह ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ एक ईश्वरीय संगठन है। इसके कार्यकर्ता देवतुल्य हैं। संगठन कोयला ही नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में मजदूरों के लिए कार्य कर रहा है।

संघ के राष्ट्रीय महामंत्री रवींद्र हिमते ने कहा कि संगठन के लिए कार्यकर्ता सबसे महत्वपूर्ण हैं। हमारे कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर काम करते हैं। भारतीय मजदूर संघ विश्व की सबसे अधिक सदस्यता वाला संगठन है। यह एक गैर राजनीतिक संगठन है। हम मजदूरों की मांगों की पूर्ति के लिए किसी भी सरकार से कोई समझौता नहीं करेंगे।

राष्ट्रीय महामंत्री नें संगठनात्मक एवं संगठित, असंगठित और ठेका कर्मचारियों से संबंधित मुद्दों आदि विषयों पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्‍होंने मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा मुहैया, ठेका प्रथा पर रोक, आर्थिक विकास के लिए राष्ट्रीय श्रम नीति का निर्धारण, न्यूनतम मजदूरी के स्थान पर जीविका मजदूरी तय करने सहित अन्‍य मुद्दों पर भी चर्चा की।

झारखंड-बिहार के बीएमएस प्रभारी धर्मदास शुक्ला ने कहा कि शोषित, पीड़ित, वंचित वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करना, सामाजिक सुरक्षा और जीविका योग्य मजदूरी दिलाना संगठन की प्राथमिकताओं में से है।

JBCCI सदस्य केपी गुप्ता ने JBCCI की बैठकों में लिए गए निर्णय को विस्तार से कार्यकर्ताओं को बताया।

राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री ने कोल फेडरेशन के कार्यकर्ताओं को अनुशाषित और राष्ट्रहित, उद्योग हित तथा मजदूर हित में काम करने वाला सैनिक बताया। उन्‍होंने कहा कि देश के हर क्षेत्र के मजदूरों के हक के लिए हमें काम करना है। उन्हें समाज मे मान- सम्मान दिलाना है।

बैठक की अध्यक्षता सीसीएल सीकेएस के अध्यक्ष मनोज कुमार रजक एवं संचालन सीसीएल सीकेएस महामंत्री राजीव रंजन सिंह ने कि‍या।

कार्यकर्ता बैठक में झारखंड प्रदेश महामंत्री बृज बिहारी शर्मा, संगठन मंत्री ब्रजेश कुमार, अभाखमसंघ सदस्य संजय कुमार चौधरी, सीसीएल सीकेएस की कार्यसमिति सदस्य, बीसीसीएल, ईसीएल, सीएमपीडीआई एवं सीएमपीएफ के अध्यक्ष, महामंत्री एवं भारतीय मजदूर संघ से संबद्धित श्रमिक संगठनों के सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित थे।