उत्तर प्रदेश। भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज़ रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। टी20 वर्ल्ड कप के बीच उन्हें अपने पिता के निधन की खबर मिली, जिससे क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
रिंकू सिंह के पिता खांचंद सिंह का शुक्रवार (27 फरवरी 2026) सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती थे।
उनकी हालत पिछले कुछ दिनों से बेहद गंभीर थी। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
डॉक्टरों के अनुसार, हालत बिगड़ने के बाद 21 फरवरी को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
टी20 वर्ल्ड कप खेल रही भारतीय टीम का हिस्सा होने के बावजूद रिंकू सिंह को अपने पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर मिली। इसके बाद उन्होंने टूर्नामेंट कैंप छोड़कर तुरंत घर का रुख किया।
बताया जा रहा है कि वह अपने पिता से मिलने के बाद टीम से दोबारा जुड़े थे, लेकिन अगले ही दिन यह दुखद खबर आ गई।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह सहित कई खिलाड़ियों और दिग्गजों ने रिंकू के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया।
हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह रिंकू और उनके परिवार के लिए बेहद कठिन समय है और ईश्वर उन्हें शक्ति दें।
रिंकू सिंह के पिता खांचंद सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपने बेटे के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने में हर संभव मदद की।
रिंकू कई बार इंटरव्यू में कह चुके हैं कि उनके पिता का त्याग ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी वजह है।


