एनएसएस के दो स्वयंसेवको का राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। रांची विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के दो स्वयंसेवक  डोरंडा महाविद्यालय के दिवाकर आनंद और रांची विमेंस कॉलेज की सुश्री दीक्षा कुमारी का राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। उनके समाजसेवी कार्य, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भावना को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें इस सम्मान से नवाज़ने का निर्णय लिया है।

दिवाकर आनंद ने राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत ग्रामीण साक्षरता अभियान, नशामुक्ति जागरुकता कार्यक्रम, रक्तदान शिविरों के आयोजन, स्वास्थ्य जागरुकता रैलियों, पर्यावरण जागरूकता और सामाजिक समरसता के लिए अनेक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी सक्रियता और जन-जागरुकता के प्रति समर्पण ने उन्हें समाज और युवाओं के बीच एक आदर्श के रूप में स्थापित किया है।

दीक्षा कुमारी ने स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, वृक्षारोपण, वंचित वर्गों के बच्चों के बीच शिक्षा-सहायता और सामाजिक न्याय से जुड़े कार्यक्रमों में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका कार्य विशेषकर ग्रामीण एवं शहरी स्लम क्षेत्रों में उल्लेखनीय रहा है, जहाँ उन्होंने जन-भागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा दिया।

इस अवसर पर रांची विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) डी.के. सिंह ने कहा कि यह हमारे विश्वविद्यालय के लिए गर्व और गौरव का क्षण है। इन युवा स्वयंसेवकों ने समाज की सेवा में जो योगदान दिया है, वह ना केवल रांची विश्वविद्यालय, बल्कि पूरे राज्य के लिए प्रेरणादायी है। राष्ट्रपति पुरस्कार उनके कठिन परिश्रम और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रमाण है।

डीएसडब्ल्यू डॉ. सुदेश कुमार साहू ने कहा कि हमारे दोनों स्वयंसेवकों ने यह दिखाया है कि युवा शक्ति यदि सही दिशा में प्रयुक्त हो, तो समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। यह सम्मान राष्ट्रीय सेवा योजना के आदर्श ‘नॉट मी बट यू’ की सच्ची अभिव्यक्ति है।

रांची विश्वविद्यालय के वित्त परामर्शी अजय कुमार ने भी दोनों स्वयंसेवकों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि भविष्य के युवाओं को समाजसेवा के प्रति प्रेरित करेगी।

रांची विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक शडॉ ब्रजेश कुमार ने कहा कि दिवाकर और दीक्षा का चयन हमारे विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाता है। यह सम्मान समर्पण, अनुशासन और निःस्वार्थ सेवा की पहचान है।

डोरंडा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजकुमार शर्मा ने दिवाकर आनंद की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि दिवाकर का यह सम्मान हमारे महाविद्यालय के लिए गौरव है। उन्होंने छात्रों को यह सिखाया है कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजसेवा के साथ उसका गहरा संबंध है।

रांची विमेंस कॉलेज की प्राचार्या डॉ. विनीता सिंह ने दीक्षा कुमारी को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षा की यह उपलब्धि हमारी छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सेवा और नेतृत्व दोनों में उत्कृष्टता का परिचय दिया है। यह पुरस्कार छात्राओं को समाजसेवा की दिशा में और सशक्त बनाएगा।

रांची विश्वविद्यालय परिवार की तरफ से कुलसचिव डॉ गुरु चरण साहू,उप कुलसचिव डॉ प्रीतम कुमार, सीसीडीसी डॉ पी के झा, वित्त पदाधिकारी डॉ दिलीप प्रसाद, डॉ स्मृति सिंह सहित कई पदाधिकारियों ने दोनों सम्मानित स्वयंसेवकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बहुत बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *