Jharkhand: जेएलकेएम नेता सूर्या हांसदा की पुलिस मुठभेड़ में मौत, जानें पूरा मामला

अपराध झारखंड
Spread the love

गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले से बड़ी खबर सामने आयी है, जहां  कई आपराधिक मामलों में आरोपी रहे हिस्ट्रीशीटर सूर्या हांसदा को पुलिस ने एक मुठभेड़ में मार गिराया।

सोमवार को यह मुठभेड़ जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र के जिरली समारी पहाड़ी के पास हुई है। मुठभेड़ के बाद पहाड़ी के पास बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासन के जवान तैनात हैं। किसी को भी वहां जाने की इजाजत नहीं है। हालांकि पहाड़ी के पास भारी संख्या में भीड़ जुट गई है।

गोड्डा के एसपी मुकेश कुमार ने सूर्या हांसदा की मौत की पुष्टि की है। सूर्या हांसदा ललमटिया थाना क्षेत्र के डकैता गांव का निवासी था। उसकी गिनती इलाके में भाजपा के कद्दावर नेताओं में होती थी।

वर्ष 2019 में उसने भाजपा के उम्मीदवार के तौर बोरियो विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। वर्ष 2024 में भाजपा ने उसे टिकट नहीं दिया था। इसके बाद उसने जेएलकेएम (झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा) के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव हार गया था।

सूर्या हांसदा पर दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। बीते 27 मई को ईसीएल की राजमहल परियोजना के पहाड़पुर क्षेत्र में गोलीबारी की वारदात में भी सूर्या की संलिप्तता सामने आई थी। इस गोलीबारी में परियोजना के एक ऑपरेटर भी घायल हुआ था।

पुलिस इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार ने घटना के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि यह वारदात सूर्या हांसदा के इशारे पर अंजाम दी गई थी।

साहिबगंज जिले में क्रशर मिल में ट्रक और ट्रक जलाने के मामले में भी सूर्या हांसदा के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।

तीन साल पहले पुलिस ने उसे एक आपराधिक मामले में जेल भेजा था। हाल के महीनों में हुई वारदातों में सूर्या का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से छापेमारी कर रही थी। आज वह मुठभेड़ में मारा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *