
नई दिल्ली। मंगलवार को संसद के मानसून सत्र के छठे दिन ऑपरेशन सिंदूर का जिन्न फिर निकला। दोनों सदनों में ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम हमले को लेकर चर्चा हुई। केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम नेताओं ने अपना पक्ष रखा, वहीं विपक्ष ने सरकार की नीति और नियत पर सवाल खड़े किए।
चर्चा का केंद्र तीन मुद्दों पर रहा। पहला- क्या पहलगाम हमला खुफिया तंत्र की विफलता थी? दूसरा-युद्धविराम क्यों हुआ? और तीसरा क्या ऑपरेशन सिंदूर के दौरान लड़ाकू विमानों का नुकसान हुआ?
प्रियंका गांधी ने किया तीखा प्रहार
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पहलगाम आतंकी हमले पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने इसे खुफिया तंत्र की विफलता बताया और गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफा मांगा। उन्होंने कहा, “मैं पूछती हूं, नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? प्रधानमंत्री की नहीं? गृहमंत्री की नहीं? रक्षा मंत्री या राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की नहीं?”
प्रियंका गांधी ने सरकार पर यह आरोप लगाया कि उसने बैसरन घाटी में नागरिकों को भगवान भरोसे छोड़ दिया। प्रियंका गांधी के आरोपों से पहले गृहमंत्री अमित शाह ने पहलगाम आतंकी हमले पर जवाब दिया और कहा कि सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता दिखाई थी।
प्रियंका ने दिया इंदिरा गांधी का उदाहरण
प्रियंका गांधी ने कहा, “पहली बार भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध होते-होते रुक गया और इसका एलान ट्रंप करते हैं। लेकिन सरकार जवाब नहीं देती कि युद्ध क्यों रुका।” उन्होंने इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति निक्सन की बात नहीं मानी और पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए थे।
उन्होंने कहा, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी जनरल, जिसके हाथ खून से रंगे थे, वो ट्रंप के साथ लंच खा रहा था। क्या प्रधानमंत्री ज़िम्मेदारी लेंगे? अगर इस ऑपरेशन के दौरान हमारे जहाज़ों का नुकसान हुआ, तो इसमें छुपाने में क्या है? कल राजनाथ सिंह ने कहा कि इन्फ्रास्ट्रक्चर को नुकसान नहीं पहुंचा, तो फिर क्यों नहीं कह देते कि जहाजों को नुकसान नहीं पहुंचा।
पीएम नरेंद्र मोदी का पलटवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने में पहले बम बिछे होते थे। 2014 के पहले देशवासियों को खुद को बचाने की सलाह दी जाती थी। उन्होंने विपक्ष पर पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाने का आरोप भी लगाया। प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस ने पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दी है। विपक्ष वही मांग कर रहा है जो पाकिस्तान करता है।”
राहुल ने पीएम को दी चुनौती
राहुल गांधी ने चुनौती देते हुए कहा, “अगर दम है तो पीएम कहें कि ट्रंप झूठ बोल रहे हैं। इंदिरा गांधी का पचास प्रतिशत भी दम है तो कह दें।” इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने जवाब दिया कि उन्होंने पहले ही अमेरिका के उपराष्ट्रपति को चेतावनी दे दी थी कि पाकिस्तान को उसकी मंशा भारी पड़ेगी।
शाह व अखिलेश की बयानबाजी
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान के पास समर्पण के अलावा कोई रास्ता नहीं था। इसीलिए पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारत के डीजीएमओ को फोन कर युद्धविराम की बात की। वहीं, अखिलेश यादव ने कहा कि मोदी और ट्रंप की गहरी दोस्ती है, इसी वजह से युद्धविराम का ऐलान ट्रंप से करवाया गया।
विमानों के नुकसान पर विवाद
राहुल गांधी ने सरकार से पूछा कि कितने लड़ाकू विमान ऑपरेशन सिंदूर में गिरे? उन्होंने कहा कि अगर उनकी बात मानी होती, तो 5 विमान नहीं गिरते।
प्रियंका गांधी ने भी कहा कि पाकिस्तानी जनरल ट्रंप के साथ बैठकर लंच कर रहे थे और भारत के विमानों को नुकसान हुआ। उन्होंने पूछा, “अगर हमारे विमानों को नुकसान हुआ तो सरकार बताने में हिचक क्यों रही है?”
प्रधानमंत्री मोदी ने जवाब दिया कि पूरी दुनिया भारत के साथ थी, सिर्फ कांग्रेस साथ नहीं थी। उन्होंने कहा, “जब सेना के पराक्रम का समय था, तब कांग्रेस ने सेना का मनोबल गिराया। उनकी बयानबाजी देश की सुरक्षा के लिए नुकसानदेह थी।”
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्य खबरें पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, x सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमसे इस लिंक से जुड़ेंhttps://chat.whatsapp.com/KFx4zY9YysxKWCO5Z8HWlj