
- उपायुक्त ने विद्यार्थियों को तकनीक और कला में संतुलन रखने का दिया संदेश
गणपत लाल चौरसिया
गुमला। पर्यावरण संरक्षण और बाल-सशक्तिकरण को लेकर समाहरणालय परिसर चंदाली में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को किया गया। उक्त कार्यक्रम में सामूहिक पौधारोपण के साथ-साथ जिले के अधिकारी और विद्यार्थियों के बीच संवाद सत्र भी आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, डॉन बॉस्को, उर्सुलाइन कॉन्वेंट, नोट्रेडेम, डीएवी, केंद्रीय विद्यालय, मॉडल स्कूल, लूथरन, सेंट अन्ना, सेंट इग्नेशियस, सीएम एक्सीलेंस स्कूल, सेंट पैट्रिक आदि के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी विद्यार्थियों एवं अधिकारियों ने मिलकर समाहरणालय परिसर में पौधे लगाए।
इस दौरान बच्चों एवं अधिकारियों ने मिलकर 100 पौधे लगाये। इसमें पीपल, अर्जुन, डूमर, पाइकर, निम, छतवन,आंवला आदि के पौधे शामिल थे। यह सभी पौधे पर्यावरण में ऑक्सीजन की मात्रा को संतुलित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उपायुक्त ने भी जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक मात्रा में पौधारोपण करता हुए पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएं।
संवाद सत्र के दौरान बच्चों ने अधिकारियों से उत्साहपूर्वक पर्यावरण संरक्षण एवं अन्य विषयों पर प्रश्न पूछे। उसका उत्तर अधिकारियों ने दिया। संवाद के दौरान राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और जीवन मूल्यों को लेकर बच्चों में सकारात्मक ऊर्जा और चेतना का संचार हुआ।
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान के साथ-साथ कला, साहित्य, खेल और मानविकी विषयों की भी जीवन में अहम भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक के संतुलित उपयोग, नियमित अध्ययन, जिज्ञासा बनाए रखने एवं रोज़ एक किताब पढ़ने की प्रेरणा दी।
उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण, कहानियाँ, किताबें और कविताएँ हमें संवेदनशील और बेहतर इंसान बनाती हैं। अतः इन्हें जीवन में अवश्य स्थान दें।
अपर समाहर्ता शासिंद्र बड़ाईक ने विद्यार्थियों को लक्ष्य तय करने और अनुशासित ढंग से अध्ययन कर आगे बढ़ने का संदेश दिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो ने विद्यार्थियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाई।
इस अवसर विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण व राष्ट्र के प्रति जागरुकता, आत्मअनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK