चक्रधरपुर में महिला फिल्मी अंदाज में लाखों के गहने चोरी कर फरार, CCTV में कैद

झारखंड
Spread the love

चक्रधरपुर। शहर के गुदड़ी बाजार स्थित एक सोना-चांदी की दुकान में तड़के एक महिला चोर ने फिल्मी अंदाज में सेंधमारी कर लाखों रुपये के गहने चुरा लिए। चौंकाने वाली बात यह है कि चक्रधरपुर में किसी महिला द्वारा इस स्तर की पहली चोरी की घटना सामने आई है, जिससे व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

घटना रविवार तड़के करीब तीन बजे की बताई जा रही है। महिला चोर ने राजू प्रसाद कसेरा की आभूषण दुकान के छत पर लगे करकट (एस्बेस्टस शीट) को काटकर अंदर प्रवेश किया। इस दौरान उसका हाथ बुरी तरह कट गया, जिससे दुकान के अंदर और मुख्य द्वार के पास खून के धब्बे साफ तौर पर देखे गए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला को गंभीर चोट आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान का निरीक्षण कर फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए और CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में महिला चोर की पूरी गतिविधियां स्पष्ट रूप से कैद हैं, जिससे उसकी पहचान की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला चोर ने बेहद सतर्कता से वारदात को अंजाम दिया, लेकिन करकट काटते समय खुद को घायल कर बैठी, जो अब उसके लिए अहम सुराग साबित हो सकता है। पुलिस स्थानीय अस्पतालों और क्लीनिकों से जानकारी जुटा रही है कि कहीं किसी घायल महिला का इलाज तो नहीं हुआ।

दुकानदार राजू प्रसाद कसेरा ने बताया कि चोरी गए गहनों का अभी तक पूरा मूल्यांकन नहीं हो पाया है, लेकिन नुकसान लाखों में आंका जा रहा है। उन्होंने अज्ञात महिला के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

यह वारदात न केवल पुलिस के लिए चुनौती बन गई है, बल्कि क्षेत्र के व्यापारियों को भी सतर्क रहने की चेतावनी दे गई है। पुलिस का कहना है कि वह हर कोण से जांच कर रही है और जल्द ही महिला चोर की गिरफ्तारी की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK