गुमला पुलिस ने ₹1.30 लाख के जाली नोट के साथ 3 को किया गिरफ्तार

झारखंड अपराध
Spread the love

रायडीह। गुमला पुलिस को जाली नोट के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक सफेद रंग की कार से ₹1,30 लाख के जाली नोटों के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

जशपुर की ओर जा रहे थे

पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार में कुछ व्यक्ति जाली नोट लेकर गुमला से जशपुर की ओर जा रहे हैं। इस सूचना के बाद, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चैनपुर के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।

घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

छापामारी दल ने रायडीह थाना गेट पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान गुमला की ओर से आ रही सफेद रंग की एक कार (नंबर जेएच 01 ईई 0585) जैसे ही थाना गेट पर पहुंची, चालक अचानक कार को पीछे कर भागने का प्रयास किया। हालांकि, छापामारी दल ने तत्परता दिखाते हुए कार को घेर कर पकड़ लिया।

जशपुर जिले के निवासी

पकड़ी गई कार में चालक सहित तीन व्यक्ति सवार थे। पूछताछ करने पर उन्होंने अपनी पहचान सुधन राम यादव (52 वर्ष), गोस्वामी चौहान (42 वर्ष) और दिलीप कुमार (28 वर्ष) के रूप में बताई। ये तीनों छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के निवासी हैं।

जाली नोटों का खुलासा

पुलिस ने जब कार और पकड़े गए व्यक्तियों की तलाशी ली, तब कार की पिछली सीट पर एक काले रंग का बैग मिला। बैग खोलने पर उसमें कागज में लपेटा हुआ ₹500 के नोटों का एक बंडल मिला। पहली नजर में नोट सही लगे, लेकिन गहराई से जांच करने पर ये नकली पाए गए। गिनती करने पर ₹500 के कुल 260 जाली नोट बरामद हुए। इनकी कुल कीमत ₹1,30,000 है। इसके अलावा, उनके पास से ₹500 के पांच असली नोट (कुल ₹2500) भी मिले।

बाजारों में खपाते थे जाली नोट

जाली नोटों के संबंध में पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने बताया कि वे इन जाली नोटों को भीड़-भाड़ वाले बाजारों में असली नोटों के साथ मिलाकर खपाते थे। बरामद किए गए जाली नोटों और उनके पास से मिले मोबाइलों को विधिवत जब्त कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी

 * ₹500 के 260 जाली नोट (कुल ₹1,30,000)
 * ₹500 के पांच असली नोट (कुल ₹2500)
 * अर्टिगा कार (नंबर जेएच01ईई 0585)
 * दो मोबाइल फोन
* एक काला रंग का बैग

गिरफ्तार अभियुक्त

  • सुधन राम यादव (52 वर्ष), पिता – भकतो राम यादव, ग्राम – झारमुंडा, पो. अंकिरा, थाना – तुमला, जिला – जशपुर (छ.ग.)
  • गोस्वामी चौहान (42 वर्ष), पिता – पिछारु राम, ग्राम + पो. – गोरिया, थाना – नारायणपुर, जिला – जशपुर (छ.ग.)
  • दिलीप कुमार (28 वर्ष), पिता – हुटा राम, ग्राम + पो. – गोरिया, थाना – नारायणपुर, जिला – जशपुर (छ.ग.)

छापामारी टीम

ललित मीणा (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चैनपुर), कुन्दन कुमार सिंह (थाना प्रभारी, रायडीह थाना),पु.अ.नि. अजय यादव (रायडीह थाना),पुलिस अधीक्षक गुमला का कार्यालय की क्‍यूआरटी टीम, रायडीह थाना रिजर्व गार्ड के जवान।

यहां सीधे पढ़ सकते हैं खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK