- ड्राइवरों को किया गया सतर्क
गणपतलाल चौरसिया
गुमला। सड़क सुरक्षा जागरुकता अभियान के अंतर्गत करमडीपा चौक, गुमला-सिसई मार्ग पर मोटरसाइकिल चालकों के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का संचालन मोटरयान निरीक्षक रॉबिन अजय सिंह के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा प्रबंधक कुमार प्रभाष एवं जिला प्रशासन की टीम ने किया।
वाहन चेकिंग के दौरान 52 दोपहिया वाहन चालकों को रोका गया। उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। सड़क पर यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, दुर्घटना की आशंका से बचाव और सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर ‘हिट एंड रन’ एवं ‘गुड समेरिटन’ योजना की जानकारी भी दी गई। उपस्थित चालकों को बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर (दुर्घटना के एक घंटे के भीतर) अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे सरकार की ओर से 2,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके लिए अस्पताल में मदद करने वाले व्यक्ति का नाम दर्ज होना अनिवार्य होगा।
अभियान के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी अज्ञात वाहन द्वारा दुर्घटना (हिट एंड रन) की स्थिति में सरकार द्वारा मृतक के परिजनों को 2,00,000 रुपये और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को 50,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का प्रावधान है।
जागरुकता अभियान के दौरान चालकों को सड़क सुरक्षा से संबंधित पुस्तिकाएं एवं पंपलेट वितरित किए गए। अभियान का उद्देश्य न केवल नियम उल्लंघन करने वालों को सतर्क करना था, बल्कि नागरिकों में स्वेच्छा से सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की भावना जागृत करना भी रहा।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे सड़क पर सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार अपनाएं। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में मानवता के आधार पर पीड़ितों की मदद कर समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करें।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK