- उपायुक्त ने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाने के दिये निर्देश
- रसीद निर्गत नहीं करने पर बुंडू अंचल के कर्मचारी को होगा शो-कॉज
रांची। जनता दरबार शुरू होने के साथ ओरमांझी के बुजुर्ग अपनी समस्या का समाधन होने पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री को धन्यवाद देने पहुंचे। भू-माफियाओं के चंगुल से अपनी जमीन बच जाने की बात कहते-कहते जितेन्द्र कुमार सिंह की आंखें झलक पडीं। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों जनता दरबार में उनके द्वारा इस संबंध में आवेदन दिया था। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर अंचल कार्यालय द्वारा कार्रवाई की गयी और उनकी जमीन बच गयी।
कांके अंचल का मामला आया सामने
जनता दरबार में भू-माफियाओं द्वारा जमीन की प्रकृति बदलकर खरीद-बिक्री का मामला सामने आया। आवेदकों द्वारा बताया गया कि कांके प्रखंड के चामा, बुकरु और नगड़ी में भू-माफियाओं द्वारा जाली कागजात के आधार पर ऑनलाइन छेड़-छाड़ करते हुए जमीन से बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है। कुम्हरिया मौजा से भी ऑनलाइन छेड-छाड़ करने की शिकायत आयी।
तीन सदस्यीय कमेटी करेगी जांच
उपायुक्त द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाने का निर्देश दिया गया है। इस कमेटी में एसएआर, डीसीएलआर और एएसओ होंगे। उपायुक्त द्वारा कांके प्रखंड के चामा, बुकरु और नगड़ी से संबंधित मामले में अगले आदेश तक भूमि निबंधन एवं म्यूटेशन रोकने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, विभागीय सचिव और आयुक्त को प्रतिलिपि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। कुम्हरिया मौजा की भूमि में ऑनलाइन छेडछाड़ के मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी में एसडीओ, डीसीएलआर और एएसओ होंगे।
कर्मचारी को किया जाएगा शो-कॉज
पिछले दिनों बुंडू के धनंजय महतो द्वारा अंचल कार्यालय से रसीद निर्गत करने के संबंध में जनता दरबार में आवेदन दिया गया था। आज वो एक बार फिर जनता दरबार में शिकायत लेकर पहुंचे कि निर्देश के बाद भी अभी तक उनका रसीद नहीं निर्गत किया गया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने फौरन अंचल अधिकारी से बात करते हुए रसीद निर्गत नहीं होने का कारण जाना। इसके बाद उन्होंने काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी को शोकॉज करने के निर्देश दिये। सीओ को कहा कि जल्द रसीद निर्गत करें।
महिलाओं ने ली राहत की सांस
बुंडू एदलहातू की दो महिलाएं एनएचएआई की परियोजना में जमीन अधिग्रहित किये जाने के बाद मुआवजा नहीं मिलने से परेशान थीं। एनएचएआई और अंचल कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें सही जानकारी नहीं मिल पा रही थी। जनता दरबार में शिकायत के बाद उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने भू-अर्जन पदाधिकारी को बुलाकर अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि इनका संरचना से संबंधित मुआवजा लंबित है, एनएचएआई से समन्वय स्थापित किया गया है। एक सप्ताह के अंदर मुआवजा भुगतान कर दिया जायेगा। जनता दरबार के दौरान राजस्व से संबंधित प्राप्त शिकायतों की ऑनलाइन अद्यतन स्थिति जांचते हुए फोन पर उपायुक्त द्वारा संबंधित अंचल अधिकारी को जरूरी निर्देश दिये जा रहे थे।
ग्रामीण क्षेत्र से आये अधिक लोग
जनता दरबार में जिला के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र से आये लोगों की संख्या काफी ज्यादा रही, जिनसे उपायुक्त देर शाम तक मिलते रहे। जनता दरबार में राजस्व, पेंशन, प्रमाण-पत्र, स्थानांतरण, भूमि पर अवैध कब्जा एवं बिक्री आदि से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को अग्रसारित करते हुए अविलंब जांच कर समाधान करने के निर्देश दिये गये।
यहां सीधे पढ़ सकते हैं खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं। आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK