- पीएम मोदी पीड़ितों के परिवार से मुलाकात करने के लिए अहमदाबाद पहुंचे
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में बीते गुरुवार को हुई भीषण विमान दुर्घटना से पूरा देश दुखी है। परिजनों के आंसू रूक नहीं रहे। आज (शुक्रवार) एटीएस की टीम घटनास्थल पर हादसे की जांच करने के लिए पहुंची।
जांच के दौरान एटीएस की टीम को क्रैश हुए एयर इंडिया विमान के अवशेषों से एक डीवीआर मिला है। माना जा रहा है कि यह डीवीआर दुर्घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
मीडिया से बात करते हुए एटीएस अधिकारी ने बताया कि उन्होंने मलबे से डीवीआर बरामद किया है। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी देते हुए कहा है कि फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम हादसे की जांच कर रही है।
आज (शुक्रवार) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विमान हादसे में मारे गए पीड़ितों के परिवार से मुलाकात करने के लिए अहमदाबाद पहुंचे। पीएम मोदी ने यहां विमान दुर्घटना स्थल का दौरा किया। साथ ही सिविल अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।
बता दें कि, गुजरात के अहमदाबाद में एक भीषण विमान हादसा हुआ। अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI171 12 जून को दुर्घटना का शिकार हो गई। इस विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें 2 पायलट, 10 क्रू मेंबर और 230 यात्री थे।
बोइंग के कई विमान इससे पहले भी दुर्घटना का शिकार हुए हैं, लेकिन Boeing 787 ड्रीमलाइनर विमान पहली बार क्रैश हुआ है। इस हादसे में 241 लोगों की जान गई है और 1 गंभीर रूप से घायल है।