झारखंड आंदोलन के इस कर्मठ सिपाही की अंतिम यात्रा में शामिल हुए सीएम हेमंत

झारखंड
Spread the love

जमशेदपुर। बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चाकुलिया पहुंचे, जहां उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के भांजे और झारखंड आंदोलन के कर्मठ सिपाही, जन संघर्ष मुक्ति वाहिनी के संयोजक कपूर बागी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री दोपहर ढाई बजे हवाई मार्ग से चाकुलिया पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर के दर्शन कर नमन किया और नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री काफी देर तक स्वर्गीय बागी के घर में रुके और परिजनों को सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ग्रामीणों के साथ अंतिम यात्रा में शामिल हुए। शमशान घाट तक पैदल चलकर उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अपने “बड़े भाई” को अंतिम विदाई दी। ईचागढ़ की विधायक सबिता महतो सहित कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां भी चाकुलिया पहुंचीं और श्रद्धांजलि दी।

बता दें कि, स्वर्गीय कपूर टुडू को उनके समर्थकों और संघर्ष के साथियों ने “कपूर बागी” नाम दिया था। यह नाम उनके तेवर और सत्य के लिए अडिग रहने की भावना का प्रतीक था। वे कहते थे – “यदि सच कहना बगावत है, तो कपूर बागी है।”

करीब छह बजे मंगलवार शाम उनका निधन हो गया। वे लंबे समय से गुर्दे और रक्तचाप की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल, जमशेदपुर में चल रहा था। निधन की खबर से चांडिल और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी।

संघर्ष के साथी सरदीप नायक ने उन्हें उसूलों का सच्चा सिपाही बताया। उनका कहना था कि बागी जो कहते थे, उसे करके भी दिखाते थे। शिक्षक अमर सेंगेल ने उन्हें गरीब, दलित और वंचित समाज के लिए संघर्ष करने वाला योद्धा बताया।

कपूर बागी चांडिल बांध विस्थापित मुक्ति वाहिनी से भी लंबे समय तक जुड़े रहे और विस्थापितों को न्याय दिलाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं। आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमसे इस लिंक से जुड़ेंhttps://chat.whatsapp.com/KFx4zY9YysxKWCO5Z8HWlj