पुआल की टाल में लगी आग, टला बड़ा हादसा

Uncategorized
Spread the love

  • सूचना मिलते कांग्रेस नेता ने दिखाई तत्परता

आशीष कुमार वर्मा

चाईबासा। मझगांव विधानसभा क्षेत्र के तांतनगर अंतर्गत कोकचो दारा गांव में बुधवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे एक बड़ा हादसा टल गया। गांव में एक मकान के पास रखे पुआल की टाल में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। इससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

पुआल की टाल के ठीक बगल में स्थानीय लोगों के घर भी बने हुए थे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि यदि समय रहते इस पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। स्थिति को गंभीर देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय को घटना की जानकारी दी। उनसे सहायता करने का अनुरोध किया।

मामले की गंभीरता को समझते हुए त्रिशानु राय ने तुरंत कार्रवाई की। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वे स्वयं अग्निशमन कार्यालय पहुंचे। वहां घटना की जानकारी दी। उन्होंने वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए स्थानीय लोगों और अग्निशमन कर्मियों के बीच समन्वय स्थापित कराया। तत्काल आग बुझाने के लिए एक दमकल गाड़ी को दारा गांव के लिए रवाना किया गया।

दमकल की गाड़ी के मौके पर पहुंचने के बाद ही आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया जा सका। इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग की टीम और त्रिशानु राय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

मौके पर अग्निशमन कर्मी परमेश्वर बिरुवा, प्रवीण कुमार, ग्रेगौरी तिर्की, गोपाल कुमार, मुनेश्वर गोप, ललन यादव ने आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।