मार्च में सीसीएल से सेवानिवृत्त हुए 85 कर्मियों को दी भावभीनी विदाई

झारखंड
Spread the love

रांची। सीसीएल के मुख्यालय में ‘सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। इसमें मार्च-2025 में सेवानिवृत्त हुए 85 कर्मियों को विदाई दी गई। इसमें मुख्यालय में कार्यरत ध्रुव नारायण दास एवं मोहम्मद शमीम भी शामिल रहे।

समारोह में सीसीएल के निदेशक (कार्मिक) हर्ष नाथ मिश्र एवं निदेशक (तकनीकी/संचालन) सी.एस. तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही, विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन भी इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम में एक शॉट फिल्म भी दिखाई गई। इसमें सेवानिवृत्त कर्मियों के कार्यकाल की झलकियां, उनके अनुभव एवं योगदान को दर्शाया गया। इस फिल्म में सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपनी कार्ययात्रा साझा करते हुए सीसीएल परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। कंपनी की निरंतर प्रगति की कामना की।

इस अवसर पर निदेशक (कार्मिक) हर्षनाथ मिश्र ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मी हमारे संगठन की आधारशिला रहे हैं। वर्षों के कठिन परिश्रम, समर्पण और निष्ठा से उन्होंने सीसीएल को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आप सभी का योगदान अविस्मरणीय रहेगा। आपकी कार्यकुशलता और अनुभव ने इस संगठन को मजबूत किया है। सेवानिवृत्ति केवल एक औपचारिकता है, लेकिन आप सभी सीसीएल परिवार का अभिन्न अंग बने रहेंगे।

निदेशक (तकनीकी/संचालन) सी. एस. तिवारी ने कहा कि मैं आज एक भावुक क्षण का साक्षी हूं, क्योंकि हमारे बीच से वे साथी सेवानिवृत्त हो रहे हैं जिनके साथ हमने दशकों तक कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है। ध्रुव नारायण दास एवं मोहम्मद शमीम जैसे समर्पित कर्मियों का योगदान अमूल्य रहा है। आपकी मेहनत, प्रतिबद्धता और लगन ने कंपनी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आपकी नई यात्रा सुखद एवं समृद्ध हो।

सेवानिवृत्त कर्मियों को स्मृति चिन्ह एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद महाप्रबंधक (कल्याण) रेखा पांडेय ने किया।