चाईबासा: पुलिस ने किया दंगा नियंत्रण का अभ्यास और फ्लैग मार्च

झारखंड
Spread the love

चाईबासा। ईद, सरहुल, चैती दुर्गा पूजा, छठ पूजा, हिन्दू नववर्ष एवं रामनवमी पर्व-2025 को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से चाईबासा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। पुलिस केन्द्र, चाईबासा में आज दंगारोधी सुरक्षा उपकरणों के साथ “दंगा नियंत्रण का मॉक ड्रिल” किया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में उपद्रवियों से प्रभावी ढंग से निपटना और भीड़ को नियंत्रित करना था।

इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पर्व के मद्देनजर भी उपद्रवियों से निपटने और भीड़ नियंत्रण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें विभिन्न परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली रणनीतियों और सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग के बारे में बताया गया।

इसके अतिरिक्त, चाईबासा जिले के अंतर्गत विभिन्न थाना और ओ०पी० क्षेत्रों में आगामी त्योहारों को देखते हुए विधि-व्यवस्था और शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए “फ्लैग मार्च” भी किया गया। पुलिस के जवानों ने संवेदनशील स्थानों पर मार्च किया और लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।