दो दिवसीय राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला का शुभारंभ

झारखंड
Spread the love

  • कलचर आदिवासियों की पहचान, इसे बढ़ायें आगे

पलामू। वित्त, वाणिज्यकर, योजना एवं विकास व संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि समाज के हर वर्ग आगे बढ़े। आर्थिक रूप से कमजोर आदिवासी, अल्पसंख्यक समाज का भी उत्थान हो। इसके लिए सरकार कार्य कर रही है। शिक्षित होने से आदिवासियों के बच्चे विधानसभा एवं लोकसभा के सदस्य बनेगे। इससे गर्व की अनुभूति होगी। उन्होंने हर वर्ग-समुदाय के शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एकजुट रहेंगे, तो आगे बढ़ेंगे। मंत्री पलामू के दुबियाखांड़ में आयोजित दो दिवसीय राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला पलामू जिला प्रशासन व मेला आयोजन समिति के समन्वय से प्रतिवर्ष 11 एवं 12 फरवरी को आयोजित होता है। मेले में लगायें गये विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।

मेला पलामू प्रमंडल स्तर का होगा

मंत्री ने कहा कि अगले वर्ष से यह मेला पलामू प्रमंडल स्तर का होगा। इसमें तीनों जिले पलामू, लातेहार व गढ़वा जिले के आदिवासी समाज भाग लेंगे। इसके लिए सरकार के स्तर पर तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों की अपनी संस्कृति है। इसे बचाकर रखने की आवश्यकता है। आदिवासियों की आत्मा नदियों के किनारे बसती है। मांदर की थाप पर बसती है। प्रकृति में बसती है। आदिवासी समाज प्रकृति के धरोहर हैं। यह समाज आगे बढे़ता, तो पूरा समाज समृद्धशाली बन सकेगा। आदिवासी समाज प्रकृति/वशुंधरा का खजाना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से संपन्न व्यक्ति भी आदिवासी संस्कृति, रहन-सहन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि महानगरों की स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि महानगरों में रहने वाले लोग की स्वास्थ्य प्रतिकूल हो रहे हैं और हमलोग आज भी बहुत सुरक्षित वातावरण में रहते हैं। ऐसे में पुरानी परंपरा, जंगलों में रहने की प्रवृत्ति को मत छोड़ने की आवश्यकता नहीं है।

शिक्षा से समाज में आती है जागरुकता

अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री ने चमरा लिंडा ने कहा कि समाज की बेहतरी व उत्थान के लिए शिक्षा आवश्यक है। विकास के लिए समाज को एकजुट रहना भी महत्वपूर्ण है। शिक्षा से समाज में जागरूकता आती है और विकसित समाज का सपना साकार होता है। सरकार आदिवासियों सहित समाज के हर वर्ग के उत्थान की दिशा में कार्य कर रही है । राजा मेदिनीराय ने विकसित समाज निर्माण का कार्य किया। एकजुटता पर बल दिया। आदिवासी समाज भी एकजुटता में कमी नहीं आने दें। एकता व दृढ़ता के साथ रहने से अधिकार खुद मिल जायेगा। समाज को आगे बढ़ाने की सोच रखनी होगी। 

मेला को भव्यता प्रदान करें : रामचंद्र सिंह

मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने मेला को और भव्यता प्रदान करने की बातें कही। उन्होंने कहा कि मेला राज्य स्तर पर हो। इसके माध्यम से और अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए। पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने कहा कि दो दशकों से लगातार मेला का आयोजन होता है, जो चेरो राजवंश को याद दिलाता है। राजा मेदिनीराय की याद में आयोजित इस मेले में सरकार के विभागों के स्टॉल लगाये जाते हैं। योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जाता है।

सजगता से कार्य करती है सरकार

जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंंह ने कहा कि प्रतिवर्ष आयोजित इस मेले के लिए सरकार सजगता से कार्य करते रही है। पलामू जिला प्रशासन सक्रियता से इस मेला को सफल बनाने में जी-जान से मेहनत करते हैं। आयोजन समिति भी अपनी मेला के सफल संचालन में पूरे उत्साह के साथ कार्य करती है।

समन्वय से लगता है मेला

इसके पूर्व मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी विकास मेला का शुभारंभ 1990 में हुआ है। यह मेला राजा मेदिनीराय की याद में लगता है। यह मेला जिला प्रशासन एवं आयोजन समिति के समन्वय से लगते रहा है। उन्होंने राजा मेदिनीराय की यादों को ताजा करते हुए कहा कि मेला के माध्यम से प्रशासन एवं आमजनों का मिलना-जुलना होता है और योजनाओं से उन्हें लाभान्वित किया जाता है। उन्होंने कुछ मांगों को भी रखा।

पारंपरिक वेश में नृत्य ने मोहा मन

सरना समाज पलामू की ओर से पारंपरिक वेश में स्वागत गान प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही पारंपरिक परिधान में पुरूष एवं महिलाओं ने गीत-संगीत प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया।

जा रही योजनाओं की जानकारी

राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला में जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों का स्टॉल लगाये गये हैं। मंत्री सहित अन्य जन प्रतिनिधि एवं अधिकारियों ने स्टॉल का भ्रमण कर निरीक्षण भी किया। स्टॉल के माध्यम से लोगों को दी जानेवाली जानकारी एवं गतिविधियों से अवगत होते हुए उसकी सराहना की। साथ ही स्टॉल पर ही संबंधित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया।

ये अधिकारी भी लगे हुए हैं

कार्यक्रम में नगर आयुक्त जावेद हुसैन, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीना आदि उपस्थित थे। मेला को सफल बनाने में जिला कल्याण-सह-जिला खेल पदाधिकारी सेवा राम साहु, नजारत उप समाहर्ता विक्रम आनंद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी एवं राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह, हृदयानंद सिंह, उमेश सिंह, भर्दुल कुमार सिंह, अवधेश सिंह चेरो, रविन्द्र सिंह चेरो, हरेराम सिंह आदि सदस्य लगे हुए हैं।

यहां सीधे पढ़ सकते हैं खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं। आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, एक्‍स सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK