मंत्री से किसानों ने कहा, अधिक कीमत तय कर दी जा रही सब्सिडी

झारखंड कृषि
Spread the love

  • राज्‍य में अब प्रखंड स्तर पर लगेगा पशु बाजार
  • पशु धन को लेकर विभाग जारी करेगा रेट चार्ट

रांची। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा है कि बहुत जल्द प्रखंड स्तर पर पशु बाजार की शुरुआत होगी। इसका उद्देश्य वाजिब दर पर अच्छे नस्ल की गाय या दूसरे पशु किसानों को उपलब्ध कराना है। इसको लेकर विभाग योजना से संबंधित कैलेंडर भी जारी करेगा। पशु बाजार में पशु की खरीद बिक्री को पारदर्शी बनाने के लिए पशु रेट चार्ट भी जारी किया जाएगा। मंत्री ने यह बातें मंगलवार को मांडर भ्रमण के दौरान कही। इस दौरान किसानों ने कहा कि बाजार मूल्य से अधिक कीमत तय कर सब्सिडी का लाभ उन्हें दिया जाता है।

मंत्री ने मांडर विधानसभा क्षेत्र के करगे, बंझिला, महुआ जारी और कैम्बो में मिल्क कलेक्शन एवं चिलिंग प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान झारखंड मिल्क फेडरेशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने करगे मिल्क कलेक्शन एवं चिलिंग प्लांट के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई के साथ सुरक्षा का ध्यान रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान किसानों ने कैटल फीड के लिए मेधा दाना की दर में 5 रुपया तक कमी करने की मांग की।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विभागीय अधिकारियों को चारा काटने की मशीन को लेकर भी जानकारी ली। किसानों को चारा काटने की मशीन उपलब्ध कराने को लेकर निर्देशित भी किया। निरीक्षण के दौरान गाय वितरण में अनियमितता की बात भी किसानों ने कही। पशुपालन विभाग द्वारा 90 प्रतिशत सब्सिडी पर एसटी/ एसी और विधवा को पशु देने की योजना है। सामान्य वर्ग के लिए यह सब्सिडी 75 प्रतिशत है।

किसानों का आरोप है कि बाजार मूल्य से ज्यादा दर निर्धारित कर सब्सिडी का लाभ उन्हें दिया जाता है। मंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया है कि अब ऐसा नहीं होगा। विभाग द्वारा दिए जाने वाले पशु का रेट चार्ट भी सार्वजनिक किया जाएगा। विभाग पशु धन योजना को लेकर किसानों के लिए कैलेंडर जारी करेगा। कैलेंडर में योजना से संबंधित सभी तरह की जानकारी उपलब्ध रहेगी।

किसानों ने उत्तर प्रदेश-बिहार से लाए जाने वाली गाय की मृत्यु दर अधिक होने की शिकायत मंत्री से की। किसानों ने मंत्री से लोकल गाय उपलब्ध कराने का आग्रह किया। किसानों ने गोकुल भवन की संख्या बढ़ाने की मांग की है, ताकि दूध कलेक्शन की मात्रा को बढ़ाया जा सके। मंत्री ने किसानों से विभाग द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने को कहा है। प्रशिक्षण प्राप्त किसानों को विभाग की योजनाओं का लाभ लेने और रोजगार के अवसर प्राप्त करने में ज्यादा मदद मिलेगी।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोरंजन कुमार, सीओ चंचला कुमारी, विधायक प्रतिनिधि जमील मलिक, प्रखंड अध्यक्ष मांगा उरांव, होसे उरांव, शमीम अख्तर, तबारक खान, सरिता तिग्गा, अमानत अंसारी, जुवेल तिग्गा, बेलस टोप्पो, प्रकाश तिग्गा, सेरोफीना मिंज जुलयुस, रसीद अंसारी, समसुल अंसारी, रामबिलास, बिनोद खलखो, छोटन उरांव सहित अन्‍य उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमसे इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/F5cUgceY6g88N3vxrwAvdX