दुनिया बदल रही है, इनोवेशन पर ज़ोर देने की ज़रूरत : हरिवंश

झारखंड
Spread the love

  • सरला बिरला विवि में एक्सपर्ट टॉक का आयोजन

रांची। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा कि जिस तरह आज तकनीक की दुनिया निरंतर बदल रही है, ऐसे में इनोवेशन आज के दौर की महती जरूरत है। इसे अवसर में तब्दील करने और प्रोत्साहित करने की जरूरत है। वे 7 अक्‍टूबर को सरला बिरला विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन द्वारा आयोजित व्याख्यान ‘भावी दुनिया में भारत, विशेष संदर्भ: मीडिया की भूमिका’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बोल रहे थे।

विकसित देशों में भारत की अलग पहचान बनी

जीडी बिरला सभागार में आयोजित एक्सपर्ट टॉक में हरिवंश ने कहा कि भारत अब अपनी पहचान बनाने में सक्षम है। भारत अब अपनी प्रतिभा, लगन और मेहनत के बल पर पूरी दुनिया में पहचान बनाने में सक्षम साबित हुआ है। वो दिन गए, जब भारत को संपेरो का देश कहा जाता था। यहां तक कि पश्चिम के नामी- गिरामी अखबारों में भी भारत की अति महत्‍वपूर्ण खबरें मात्र दो या तीन लाइनों में सिमटा दी जाती थीं। लेकिन आज के दौर में विकसित देशों में भारत की अलग पहचान बनी है। लोग यहां की खबरों को प्रमुखता से देखना और सुनना पसंद करते हैं। स्टार्टअप्स में हमारे देश के बच्चे लगातार आगे बढ़ रहे हैं। यह ऐसा अवसर है जो दोबारा हमें हासिल होने वाला नहीं है। इसीलिए बेहतर भारत को सुनिश्चित करने और वैश्विक स्तर पर अपनी धाक जमाने के लिए हमें पुरजोर कोशिश करनी होगी।

तकनीक और इनोवेशन आर्थिक प्रगति का आधार

हरिवंश ने ताईवान जैसे छोटे देश का उदाहरण देते हुए कहा कि आप पूरी दुनिया में 61 प्रतिशत चिप यहीं से निर्यात होते हैं। यह इनोवेशन, अपने काम के प्रति ईमानदारी और तकनीक का ही चमत्कार है, जिससे ताईवान इस प्रशंसनीय स्तर तक पहुंच पाने में कामयाब हो पाया। हम भी समय का मूल्य समझें, नए विचारों के साथ तालमेल बैठाएं तो तकनीक के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाने की स्थिति में होंगे। भारतीय पत्रकारों को भी अपनी भूमिका पर विचार करना होगा। गणेश शंकर विद्यार्थी द्वारा पत्रकारों के लिए तय की गई कसौटी, जिसमें देश को केंद्र बिंदु में रखा गया है, उसी तर्ज पर पत्रकारों को भी अपने दायित्व का निर्वहन करने के प्रति सजग रहना पड़ेगा।

सरला बिरला से मिली प्रेरणा शक्ति

हरिवंश ने सरला बिरला देवी से मिली प्रेरणा शक्ति के विषय में भी चर्चा की। उन्होंने बिरला समूह की दृष्टि, उनकी ऊर्जा और विजन की भी चर्चा करते हुए इसे अनुकरणीय बताया। उन्होंने इनोवेशन के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला। एसबीयू के विभिन्न विदेशी विश्वविद्यालयों से हुए एमओयू को उन्होंने इनोवेशन के क्षेत्र में मील का पत्थर करार दिया।

पिछले वर्षों में भारत की धाक बढ़ी

हरिवंश ने कहा कि आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। जहां विभिन्न बीमारियों की वैक्सीन को विकासशील और अल्प विकसित देशों में आने में दशकों का समय लगता था, वहीं भारत ने कोरोना वैक्सीन को बहुत कम समय में ही बाजार में उपलब्ध करवा कर पूरी दुनिया में अपनी धाक जमायी। आज डिजीटल इकोनामी के क्षेत्र में भारत की सराहना पूरे विश्व में हो रही है।

विश्व की निगाह भारत की ओर है

विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने कहा कि आज पूरे विश्व की निगाह भारत की ओर है। भारत आज प्रगति के सोपान पर निरंतर अग्रसर है। हमें ‘सनातन वे आफ लाइफ’ पर फोकस करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनईपी 2020 से सभी को बड़े स्तर पर सीखने की कोशिश करनी चाहिए। एसबीयू के विभिन्न विश्वविद्यालयों के साथ हुए करारों का भी उन्होंने विस्तार से जिक्र किया।

शब्दों का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करें

विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति एस.बी. डांडीन ने विद्यार्थियों के कम्युनिकेशन पर जोर दिया। उन्होंने एआई के साथ बदलती दुनिया पर शब्दों का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करने पर भी जोर दिया। डीन डॉ. नीलिमा पाठक ने खबरों की प्रासंगिकता के साथ जन सरोकार की राजनीति से जुड़े हरिवंश के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।

पुराने अनुभवों को साझा किया

जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन के डीन अजय कुमार ने हरिवंश के साथ अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए उनके जीवन वृत्तांत और पत्रकारिता से लेकर राजनीति तक के उनके सफर पर चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन सुधीर कुमार ने किया।

कार्यक्रम में ये भी मौजूद

इस अवसर पर कुलसचिव वीके सिंह, डॉ. नंदिनी, संदीप कुमार, अरविंदा भंडारी, हरि बाबू शुक्ला, सुबानी बाड़ा, गौतम टांटी, विद्या झा, बीबी पांडेय, प्रवीण कुमार, आशुतोष दिवेदीं, विश्वरूप सामंता, आदित्य विक्रम वर्मा, वरिष्‍ठ पत्रकार अनुज सिन्हा, संपादक विजय पाठक, दिवाकर, विनय कुमार सहित कई अन्य उपस्थित थे।

विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने व्याख्यान के आयोजन पर अपना शुभकामनाएं प्रेषित की।

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/KFx4zY9YysxKWCO5Z8HWlj