हरियाणा। हरियाणा में मिली ऐतिहासिक जीत से उत्साहित भाजपा की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 17 अक्टूबर को होने जा रहा है।
नायब सिंह सैनी राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर सुबह 10 बजे शपथ लेंगे। ये समारोह पंचकूला में आयोजित किया जाएगा।
शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, “17 अक्टूबर को पंचकूला में मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा।
बताया जा रहा है कि, शपथ ग्रहण समारोह में लगभग 50 हजार लोगों के उपस्थित रहने की संभावना है। समारोह में बीजेपी शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों और बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा सरकार की नई कैबिनेट में अनिल विज, कृष्ण लाल मिड्ढा, श्रुति चौधरी, अरविंद कुमार शर्मा, विपुल गोयल , निखिल मदान को जगह मिल सकती है।
बीजेपी ने मार्च 2024 में नायब सिंह सैनी को हरियाणा पार्टी अध्यक्ष पद से मुख्यमंत्री बनाया था। उस समय बीजेपी मनोहर लाल के साढ़े नौ साल के कार्यकाल के बाद सत्ता विरोधी लहर का सामना कर रही थी।
नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। इसके बाद गुरुवार को उन्होंने राजधानी में केंद्रीय मंत्री और हरियाणा भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात की थी।