
रांची। श्री गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व पर निकाले जाने वाले नगर कीर्तन की तिथि में बदलाव किया गया है। इसके बाद इस उपलक्ष्य में होने वाले समस्त आयोजनों की नई रूपरेखा की तैयार करने को लेकर गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर कॉलोनी में आवश्यक बैठक की। गुरु नानक सत्संग सभा के अध्यक्ष द्वारका दास मुंजाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में गुरु नानक सत्संग सभा के अलावा गुरुनानक भवन कमेटी एवं गुरुनानक बाल मंदिर स्कूल कमेटी के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। आयोजन से संबंधित अपने-अपने विचार रखे।
सत्संग सभा के सचिन अर्जुन देव मिढ़ा ने बताया कि अब 14 नवंबर को नगर कीर्तन की तिथि तय हुई है। इसलिए नगर कीर्तन से पहले यानी 13 नवंबर को सुबह आठ बजे से दस बजे तक और शाम सात बजे से नौ बजे तक दो दीवान सजाए जाएंगे। गुरु का अटूट लंगर भी चलाया जाएगा। मुख्य दीवान 14 नवंबर को कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा मैदान में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 तक सजाया जाएगा। इस मौके पर गुरुनानक सेवक जत्था द्वारा रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा।
दोपहर 1 बजे से गुरु का अटूट लंगर चलाया जाएगा। दीवान समाप्ति के उपरांत दोपहर 2:30 बजे गुरुद्वारा मैदान से पुष्प से सज्जित सवारी पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को विराजमान कर भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा, जो मेट्रो गली,रातु रोड, किशोरी यादव चौक, प्यादा टोली, गांधी चौक, शहीद चौक, अलबर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, डेली मार्केट, चर्च कॉम्प्लेक्स, लाला लाजपत राय चौक होते हुए पीपी कंपाउंड स्थित गुरु नानक स्कूल परिसर पहुंचकर रात 9:00 बजे विसर्जित होगा।
प्रकाश पर्व के दिन 15 नवंबर को रात आठ बजे से मध्य रात्रि दो बजे तक रैन सवाई दीवान सजाया जाएगा। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 13 नवंबर से पढ़ें जाने वाले श्री अखंड पाठ साहिब जी का भोग रात 12 बजे होगा।
सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सजाए जा रहे सभी दीवानों में शिरकत करने सिख पंथ के महान कीर्तनी जत्था भाई जगतार सिंह जी, जम्मू वाले विशेष रूप से रांची पहुंच रहे हैं। इसके अलावा हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी द्वारा शबद गायन और गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेंदर सिंह जी द्वारा कथा वाचन होगा।
बैठक में सुंदर दास मिढ़ा, सुरेश मिढ़ा, हरविंदर सिंह बेदी, चरणजीत मुंजाल, अशोक गेरा, हरगोविंद सिंह, मोहन लाल अरोड़ा, लेखराज अरोड़ा, अमरजीत गिरधर, नरेश पपनेजा, मनीष मिढ़ा, मोहन काठपाल, लक्ष्मण दास मिढ़ा, अश्विनी सुखीजा, महेंद्र अरोड़ा, महेश सुखीजा, हरीश मिढ़ा, अनूप गिरधर, बिनोद सुखीजा, इंदर मिढ़ा, रमेश पपनेजा, बसंत काठपाल, नवीन मिढ़ा, हरजीत बेदी, राकेश गिरधर समेत अन्य शामिल थे।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्य खबरें पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, x सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/KFx4zY9YysxKWCO5Z8HWlj