Delhi: कांग्रेस मुख्यालय में गम में बदल गईं खुशियां, जानें पूरा मामला

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। हैरान कर देने वाली खबर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से आ रही है। कांग्रेस के लिए मंगलवार को तब खुशी गम में बदल गई, जब हरियाणा के नतीजों ने एकाएक पूरे देश को चौंका दिया।

बताते चलें कि, 8 अक्टूबर की सुबह दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में जश्न का माहौल दोपहर तक गमगीन हो गया, क्योंकि हरियाणा विधानसभा चुनाव के रुझान से पता चला कि पार्टी करारी हार की ओर बढ़ रही है।

मतगणना शुरू होने के साथ ही शुरुआती रुझानों से पता चला कि कांग्रेस हरियाणा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने की राह पर है, जैसा कि एग्जिट पोल ने भी भविष्यवाणी की थी।

इस बीच पार्टी कार्यकर्ता यहां 24, अकबर रोड स्थित एआईसीसी मुख्यालय में पटाखे फोड़ते और जलेबी तथा लड्डू बांटते नजर आए। सुबह करीब नौ बजे जब रुझानों में यह दिखा कि पार्टी आगे चल रही है, तो पार्टी मुख्यालय में ढोल-नगाड़े गूंजने लगे।

हालांकि, सुबह 10 बजे के बाद जब रुझान में भाजपा ने वापसी की, तो मुख्यालय में उदासी छा गई और ढोल व मिठाइयां गायब हो गईं। कांग्रेस के नेता मुख्यालय में जगह-जगह मीडिया को बाइट देते नजर आए और तर्क दिया कि दोपहर एक बजे तक रुझान बदल जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

कांग्रेस कैंटीन में हमेशा की तरह चहल-पहल थी, लेकिन पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के चेहरों पर निराशा साफ झलक रही थी।

एक कैंटीन कर्मचारी ने दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने ‘पकौड़ी’ और ‘पूरी’ जैसे विशेष व्यंजन तैयार किए थे, लेकिन हरियाणा चुनाव के कारण उन्हें लेने वाला कोई नहीं है।

इसके बाद, जल्द ही कांग्रेस मुख्यालय में सन्नाटा छा गया और केवल मीडियाकर्मी और कुछ पार्टी नेता ही इधर-उधर घूम रहे थे। कुछ पार्टी कार्यकर्ता हार के लिए ईवीएम को दोषी ठहराते सुने गए, कुछ ने टिकट वितरण को दोषी ठहराया, जबकि अन्य आसन्न ‘आश्चर्यजनक हार’ से परेशान थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *