Delhi: आतिशी ने तीसरी महिला मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ, ये भी बने मंत्री

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। शनिवार को आतिशी ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित राज निवास में दिल्ली की आठवीं और तीसरी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ कुछ विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। आतिशी देश की 17वीं महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं।

इन्होंने मंत्री पद की ली शपथ

नयी मंत्रिपरिषद में गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज, इमरान हुसैन और सुल्तानपुर माजरा से विधायक मुकेश अहलावत शामिल हो गए हैं। सभी ने आतिशी के साथ मंत्री पद की शपथ ली। राय, गहलोत, भारद्वाज और हुसैन अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली निवर्तमान सरकार में भी मंत्री रहे हैं।

शपथ से पूर्व केजरीवाल से मुलाकात

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी ने शपथ लेने से पहले पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल से मिलने पहुंचीं। उनसे मिलने के बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। आतिशी के अलावा कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ से पहले केजरीवाल से मुलाकात की। मालूम हो शराब घोटाला मामले में जमानत मिलने के बाद केजरीवाल ने अचानक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की पेशकश कर थी। जिसके बाद आतिशी को नया मुख्यमंत्री बनाने का फैसला लिया गया।

आतिशी के समक्ष होगी ये चुनौती

आतिशी का नाम दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के साथ ही इतिहास के पन्नों पर अंकित हो गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सुषमा स्वराज और कांग्रेस की शीला दीक्षित के बाद दिल्ली में इस पद पर पहुंचने वालीं आतिशी तीसरी महिला हो गई हैं। आतिशी को कड़ी मेहनत करनी होगी और मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना, इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2.0 और दहलीज पर सेवाओं की डिलीवरी जैसी अन्य योजनाओं के कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए तेज गति से काम करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *