रांची समेत इन जिलों में आज और कल भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, चेक करें अपना शहर

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। रविवार को शाम से जो बारिश शुरू हुई, रात भर बारिश होती रही। इसी बीच मौसम विभाग ने झारखंड में दो दिन तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने कहा है कि, झारखंड के दक्षिण-पश्चिमी एवं उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को झारखंड के कई जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी दक्षिणी बांग्लादेश और उससे सटे इलाकों में स्थित है। उससे संबद्ध चक्रवात समुद्र के ऊपर बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि साइक्लोनिक सर्कुलेशन 19 अगस्त को बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो जाएगा। इसके बाद यह गांगेय पश्चिम बंगाल, झारखंड और उससे सटे बिहार एवं उत्तर प्रदेश के साथ-साथ मध्यप्रदेश में 3-4 दिन तक रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मॉनसून ट्रफ इस वक्त बीकानेर, सीकर, ओराई, सीधी और रांची से होते हुए दक्षिण बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है।

इसका असर झारखंड में दिखेगा। 19 और 20 अगस्त (सोमवार और मंगलवार) को कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी, तो कुछ जिलों में भारी बारिश होगी। कुछ इलाकों में वज्रपात भी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। 19 और 20 अगस्त को झारखंड में 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक वर्षा होने की संभावना है।

19 अगस्त को गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, हजारीबाग, रांची, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिले में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में कहीं-कहीं आसमानी बिजली भी गिरने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, 20 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिले में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। इन जिलों के लिए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गुमला, लोहरदगा, रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो जिले में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।