झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बिरंची नारायण ने कार्यकर्ताओं से किया ये आह्वान

झारखंड
Spread the love

सरायकेला। रविवार को सरायकेला स्थित भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव की अध्यक्षता में भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बोकारो से भाजपा विधायक सह विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। अगले सात अगस्त को ज़िला महिला मोर्चा के द्वारा ज़िला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।

रांची में युवा मोर्चा का विशाल प्रदर्शन 23 अगस्त को

साथ ही आने वाले 23 अगस्त को रांची में युवा मोर्चा का विशाल प्रदर्शन होना है, जिसमे पूरे प्रदेश से लाखों युवाओं का रांची में महा जुटान होगा। इस कार्यक्रम में सरायकेला और चाईबासा जिले से ज्यादा से ज्यादा भागीदारी के लिए युवा मोर्चा के नेताओं को जिम्मेदारी दी गई।

चुनाव में हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बिरंची नारायण ने कहा झारखंड के हित में हेमंत सोरेन सरकार को आने वाले चुनाव में हमें उखाड़ फेंकना है। संथाल में आदिवासियों को बल पूर्वक बंग्लादेशी घुसपैठिये पलायन को मजबूर कर रहे हैं। बिरंची नारायण ने कहा, अभी यहां मैंने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन का बयान मीडिया पर देखा, उनका कहना है अगर घुसपैठ के खिलाफ आवाज उठ रहा है, तो सरकार को संज्ञान में लेना चाहिए, लेकिन हेमंत सोरेन घुसपैठ का सिर्फ इनकार ही नहीं कर रहे हैं, बल्कि घुसपैठियों का समर्थन तक कर रहे हैं।

सरकार की नाकामियों को घर-घर पहुंचाने का निर्णय

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष उदय सिंहदेव ने कहा कि, सरकार की नाकामियों और गलत इरादों को हमें जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा जब सरकार का कार्यकाल ख़त्म होने को है, तब मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना लाने का औचित्य मात्र चुनावी है। उन्होंने कहा लोकसभा चुनाव के वक़्त भी खटखटाखट पैसे देने की बात इन्हीं लोगों के द्वारा की गई थी, जो हवाहवाई साबित हुई।

सीएम की बदजुबानी का जनता जरूर देगी जवाब

उदय सिंहदेव ने कहा अगले 2 महीने के अंदर प्रदेश में चुनाव होने हैं, एक महीने के अंदर आचार संहिता लागू हो जाएगी। अभी योजना की घोषणा ही हुई है, सरकार कब पैसे डालेगी किसी को नहीं पता? कांग्रेस हमेशा से ठीक चुनावों के पहले इस तरह का झूठ फैलाकर वोट बटोर लेती है, लेकिन काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। उदय सिंहदेव ने कहा हेमंत सोरेन द्वारा महतो समुदाय पर आपत्तिजनक बयान देना बताता है कि हेमंत सोरेन बौखला गये हैं। जनता इनके द्वारा की जा रही बदज़ुबानी का जवाब ज़रूर देगी।

बैठक में ये भी रहे मौजूद

मौके पर पूर्व विधायक बड़कुवर गगराई, मंगल सोय, अनंतराम टुडू, आदित्यपुर के पूर्व महापौर बिनोद श्रीवास्तव, पूर्व ऊप महापौर बॉबी सिंह, निवर्तमान ज़िलाध्यक्ष बिजय महतो, गणेश महाली, रमेश हांसदा, मनोज चौधरी, राकेश सिंह, कृष्णा प्रधान, अनुराग श्रीवास्तव, रश्मि साहू, संजय सरदार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।